देश की खबरें | आईटी संबंधी संसदीय समिति टीआरपी मुद्दे पर विचार करेगी : सूत्र
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर कुछ चैनलों द्वारा ‘टेलीविजन रेटिंग प्वाइंट्स’ (टीआरपी) में छेड़छाड़ करने संबंधी खबरों के बीच कांग्रेस सांसद शशि थरूर की अध्यक्षता वाली सूचना एवं प्रौद्योगिकी से जुड़ी, संसद की स्थायी समिति ने इस मुद्दे पर गौर करने का फैसला किया है।

सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

यह भी पढ़े | Congress Attacks on PM Modi: कांग्रेस का पीएम मोदी पर बड़ा हमला, कहा-भाजपा राज में देश कई संकटों से गुजर रहा है लेकिन प्रधानमंत्री खुद के प्रचार में व्यस्त हैं.

कांग्रेस सांसद और इस समिति के सदस्य कार्ति चिदंबरम ने थरूर से आग्रह किया था कि इस मामले पर विचार हो और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधिकारियों को स्पष्टीकरण देने एवं उनकी ओर से उठाए सुधारात्मक कदमों के बारे में जानने के लिए समिति के समक्ष बुलाया जाए।

सूत्रों ने बताया कि टीआरपी में छेड़छाड़ संबंधी खबरों को लेकर समिति गंभीर है और वह इस पर विस्तार से चर्चा करेगी।

यह भी पढ़े | कोरोना संकट के बावजूद छत्तीसगढ़ से अच्छी खबर, ऑफ-लाइन कक्षाओं में 35,982 केन्द्रों में 7.48 लाख से अधिक विद्यार्थियों को मिल रही शिक्षा.

कार्ति चिदंबरम ने थरूर को लिखे पत्र में कहा कि इसी व्यवस्था के आधार पर सरकार के विज्ञापनों का खर्च निर्धारित होता है और ऐसे में गलत आंकड़ों के आधार पर जनता का पैसा खर्च नहीं होना चाहिए।

टीआरपी के माध्यम से यह तय होता है कि कौन सा चैनल अथवा कार्यक्रम सबसे ज्यादा देखा जा रहा है।

कार्ति ने यह इस मामले पर समिति द्वारा गौर किए जाने की मांग उस वक्त उठाई है जब बृहस्पतिवार को मुंबई पुलिस ने दावा किया कि उसने टीआरपी में छेड़छाड़ के गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

पत्र में कांग्रेस सांसद ने कहा, ‘‘इस हालात को देखते हुए, आगे चर्चा किए जाने की जरूरत है। समिति को इस मुद्दे पर गौर करना चाहिए।’’

पूर्व सूचना एवं प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने भी कहा कि इस मामले को संसद और सरकार को गंभीरता से लेना चाहिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)