इस्लामाबाद, एक जून पाकिस्तान के इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विनियामक ने नौ मई को हुई हिंसा के सिलसिले में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पर निशाना साधते हुए सैटेलाइट टीवी चैनलों से ‘नफरत और हिंसा फैलाने वालों एवं उनका साथ देने वालों’ का बहिष्कार करने और ‘एक राजनीतिक दल के उग्रपंथियों’ के बयानों को खबरों में जगह नहीं देने को कहा है। बृहस्पतिवार को मीडिया में इस आशय की खबर आयी है।
पाकिस्तान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विनियामक प्राधिकरण (पीईएमआरए) ने बुधवार को जारी एक अधिसूचना में सभी सैटेलाइट टीवी लाईसेंसधारकों को निर्देश दिया कि वे चौकस रहें तथा किसी भी तरह की नफरत एवं हिंसा फैलाने वालों एवं उनका साथ देने वालों को जाने-अनजाने में बढ़ावा न दें।
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के अध्यक्ष इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद नौ मई को कई शहरों में हिंसा भड़क गयी थी। खान के पार्टी कार्यकर्ताओं ने लाहौर कोर कमांडर हाउस, मियांवाली एयरबेस और फैसलाबाद में आईएसआई की इमारत समेत 20 से अधिक सैन्य प्रतिष्ठानों एवं सरकारी इमारतों में तोड़फोड़ की थी।
पहली बार भीड़ ने रावलपिंडी में सेना मुख्यालय पर भी धावा बोला था। खान को बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया था।
जियो न्यूज की खबरों के अनुसार, नौ मई को हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए अधिसूचना में कहा गया है कि ‘‘(एक) राजनीतिक दल के उग्रपंथियों’’ ने हिंसा फैलाई, सरकारी संपत्ति पर हमला किया, बेगुनाह लोगों की जिंदगी खतरे में डाली तथा देश एवं सरकारी संस्थानों को कमजोर करने की प्रवृति को बढ़ावा दिया जो खतरनाक रूख है।
आदेश में कहा गया है, ‘‘ संविधान नागरिकों को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की गारंटी देता है लेकिन इस अधिकार के भी अपवाद भी हैं। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के बीच संतुलन अहम है।’’
राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने की जरूरत पर बल देते हुए पीईएमआरए ने आदेश दिया कि नफरत फैलाने वालों को टेलीविजन में तवज्जो नहीं दी जाए और हिंसक तथा भेदभावपूर्ण सामग्री का प्रसारण न किया जाए।
अधिसूचना में कहा गया है कि सभी लाईसेंसधारक पीईएमआरए कानूनों एवं ऊपरी अदालतों के आदेशों का पालन करें तथा ऐसे व्यक्तियों को अवसर न दें जो नफरत फैलाने वाला भाषण देते हैं तथा संघ एवं सरकारी प्रतिष्ठानों के विरूद्ध जनभावनाएं भड़काते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY