देश की खबरें | केरल में दुर्घटनाग्रस्त हुई नौका के मालिक को कोझिकोड़ से पकड़ा गया : पुलिस

कोझिकोड (केरल), आठ मई केरल में रविवार रात को हादसे की शिकार हुई नौका के मालिक को सोमवार को कोझिकोड के तटीय इलाके से पकड़ा गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

उसने बताया कि नौका दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों सहित अबतक 22 लोगों के मौत की पुष्टि हो चुकी है।

मलप्पुरम जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पुष्टि की है कि नौका के मालिक नसर को पकड़ लिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘उसे कालीकट (कोझिकोड) तटीय इलाके से पकड़ा गया। उसे आधिकारिक रूप से गिरफ्तार नहीं किया गया है। उसे यहां (मलप्पुरम) लाया जाएगा।’’

तनुर पुलिस जिसके न्यायाधिकार क्षेत्र में यह हादसा हुआ ने बताया था कि दुर्घटनाग्रस्त नौका का मालिक फरार है।

पुलिस ने इससे पहले बताया था कि उसने स्वत: संज्ञान लेते हुए रविवार को नौका के मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी जिसके बारे में सूचना है कि वह बिना लाइसेंस उक्त नौका का परिचालन कर रहा था।

गौरतलब है कि तनुर के थूवलथीरम तट के निकट रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे पर्यटक नौका के दुर्घटनाग्रस्त होने से उस पर सवार 22 लोगों की मौत हो गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)