मुंबई, आठ सितंबर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने भीमा कोरेगांव एल्गार परिषद मामले में एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। वे सभी प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के मुखौटा संगठन के सदस्य हैं।
एनआईएए के प्रवक्ता ने बताया कि सागर तात्याराम गोरखे (32) और रमेशर मुरलीधर (36) को सोमवार को गिरफ्तार किया गया, जबकि ज्योति राघोबा जगताप (33) को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया।
अधिकारी ने बताया कि वे सभी पुणे के निवासी हैं। वे कबीर कला मंच के सदस्य हैं, जो प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) का एक मुखौटा संगठन है।
अधिकारी ने बताया कि यह मामला 31 दिसंबर 2017 को पुणे में कबीर कला मंच द्वारा आयोजित एल्गार परिषद से संबद्ध है। वहां कथित तौर पर भड़काऊ भाषण दिये गये थे,जो हिंसा का कारण बना था और महाराष्ट्र में राज्यव्यापी आंदोलन हुए थे।
पुणे पुलिस ने 15 नवंबर 2018 और 21 फरवरी 2019 को अदालत में क्रमश: आरोप पत्र और पूरक आरोप आरोप दाखिले किये थे।
गिरफ्तार किये गये इन तीनों लोगों के नाम प्राथमिकी में हैं। इन तीनों को मुंबई में एक विशेष एनआईए अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें चार दिनों की एनआईए हिरासत में भेज दिया।
अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
एनआईए ने इस साल 24 जनवरी को मामले की जांच की जिम्मेदारी अपने हाथों में ली थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY