देश की खबरें | एनसीआरटीसी की दिल्ली-मेरठ नमो भारत गलियारे पर वाणिज्यिक, आवासीय केंद्र बनाने की योजना

नयी दिल्ली, छह मार्च राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) दिल्ली-मेरठ नमो भारत गलियारे पर वाणिज्यिक, आवासीय और सेवा केंद्र विकसित करने के उद्देश्य से रणनीतिक योजना बनाने के लिए एक परियोजना प्रबंधन इकाई स्थापित करने की योजना बना रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का क्रियान्वयन कर रही एनसीआरटीसी ने निविदा आमंत्रित की हैं। इसका उद्देश्य भूमि का मौद्रीकरण करना, गैर-किराया राजस्व उत्पन्न करना तथा नमो भारत स्टेशनों के पास वाणिज्यिक, आवासीय और सेवा केंद्र विकसित करना है।

चयनित सलाहकार पर बाजार संबंधी शोध करने, लेनदेन संबंधी परामर्श देने, परियोजना के प्रबंधन में सहायता करने, रणनीतिक योजना बनाने और जानकारी का आदान-प्रदान करने की जिम्मेदारी होगी।

एनसीआरटीसी ने एक बयान में कहा, ‘‘विकास के लिए पहचाने गए भूखंडों में गाजियाबाद, दुहाई डिपो, भैसाली (मेरठ) और मोदीपुरम डिपो के स्थल शामिल हैं, जिन्हें खुदरा और वाणिज्यिक स्थानों में परिवर्तित किया जाएगा।’’

निगम ने कहा कि इन स्थानों पर मॉल, खुदरा-भोजन-मनोरंजन केंद्र, कार्यालय स्थलों के साथ एकीकृत पार्किंग सुविधाएं, किराये के आवास, स्टूडियो अपार्टमेंट, अस्पताल और थीम पार्क होंगे।

गाजियाबाद का भूखंड करीब 2.4 हेक्टेयर में फैला है, जबकि दुहाई डिपो, भैसाली और मोदीपुरम में भूखंड क्रमश: 31, 9.7 और 31 हेक्टेयर में फैले हैं।

इन प्रमुख स्थलों के अलावा सराय काले खां, न्यू अशोक नगर, आनंद विहार, गुलधर, दुहाई, मुरादनगर, मोदीनगर दक्षिण और उत्तर, मेरठ दक्षिण, शताब्दी नगर और मोदीपुरम में करीब 16 हेक्टेयर में फैले छोटे भूखंड उपलब्ध हैं।

वर्तमान में, नमो भारत ट्रेन सेवाएं 55 किलोमीटर के क्षेत्र में संचालित होती हैं, जो 11 स्टेशन के माध्यम से न्यू अशोक नगर को मेरठ दक्षिण से जोड़ती हैं। इस वर्ष पूरे 82 किलोमीटर के गलियारे का कार्य संपूर्ण हो जाने की उम्मीद है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)