तिरुवनंतपुरम, चार मार्च भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता वी मुरलीधरन ने जॉर्डन से केरल के एक व्यक्ति के शव को वापस लाने के लिए विदेश मंत्री एस जयशंकर से हस्तक्षेप करने की मांग की है।
केरल के एनी थॉमस गैब्रियल नाम के व्यक्ति की पिछले महीने इजराइल-जॉर्डन सीमा पर जॉर्डन के सुरक्षाबलों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
पूर्व विदेश राज्य मंत्री मुरलीधरन ने यहां के निकट थुम्बा में मृतक एनी थॉमस गैब्रियल के परिवार से मुलाकात की।
मुरलीधरन के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘‘शव को वापस लाने के वास्ते प्रक्रियाओं में तेजी लाने के लिए मुरलीधरन ने जयशंकर से आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। ’’
बयान में कहा गया है कि मुरलीधरन ने गैब्रियल के निवास पर जाने के बाद यह अनुरोध किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने थुम्बा पैरिश के पादरी शाजन जोस के साथ भी चर्चा की।
गैब्रियल के परिवार ने रविवार को कहा था कि उन्हें एक मार्च को भारतीय दूतावास से एक ई-मेल मिला, जिसमें उनकी मृत्यु की पुष्टि की गई थी।
यह घटना कथित तौर पर 10 फरवरी को घटित हुई, जब जॉर्डन के सैनिकों ने सीमा पर गोलीबारी की।
परिवार के सदस्यों के अनुसार, गैब्रियल के रिश्तेदार एडिसन को भी गोली लगी थी, लेकिन वह बच गया और घायल अवस्था में घर लौट आया है।
खबरों के अनुसार, गैब्रियल और एडिसन चार सदस्यीय समूह का हिस्सा थे, जो एक एजेंट की मदद से जॉर्डन से इजराइल की सीमा पार करने की कोशिश कर रहे थे। ये चारों तीन महीने के वीजा पर जॉर्डन पहुंचे थे।
जॉर्डन की सेना ने उन्हें सीमा पर रोक लिया, लेकिन जब उन्होंने भागने का प्रयास किया, तो सैनिकों ने गोलीबारी शुरू कर दी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY