मुंबई, 23 सितंबर मुंबई में पश्चिम रेलवे की उपनगरीय सेवाएं बुधवार को पूरी तरह से बहाल हो गईं। मंगलवार रात से हुई भारी बारिश के चलते पटरियों पर पानी भर जाने के कारण बुधवार सुबह से सेवाएं निलंबित थीं।
मध्य रेलवे की कई उपनगरीय सेवाएं हालांकि बुधवार देर शाम तक भी बहाल नहीं हो सकी थीं। रेलवे के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित ठाकुर ने कहा कि चर्चगेट से बांद्रा के बीच की उपनगरीय सेवाएं शाम करीब पांच बजे पूरी तरह से बहाल हो गईं।
ठाकुर ने कहा, ‘‘पश्चिम रेलवे की विशेष उपनगरीय सेवाएं सभी चारों लाइनों पर शुरू हो चुकी हैं।’’
यह भी पढ़े | Noida: दवा कंपनी में लगी भीषण आग, मौके पर दमकल की 10 गाड़ियां मौजूद.
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवाजी सुतार ने बताया कि दादर से ठाणे के बीच की उपनगरीय सेवाएं बहाल हो गई हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मुख्य लाइन और हार्बर पर उपनगरीय पटरियों पर कुछ स्थानों पर अब भी खतरे के निशान से ऊपर तक पानी भरा है।’’
उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर 11 से 29 इंच तक पानी भरा है।
भारी बारिश के कारण मुंबई में बस सेवा भी प्रभावित हुई।
बृहन्मुंबई बिजली आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) के प्रवक्ता ने कहा कि 30 बसें जलभराव वाले स्थानों पर फंस गईं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY