देश की खबरें | राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित कई नेताओं ने दी पासवान को श्रद्धांजलि
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई राजनीतिक हस्तियों ने केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के शुक्रवार को अंतिम दर्शन किए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

पासवान ने बृहस्पतिवार शाम अंतिम सांस ली। उनके पार्थिव शरीर को उनके सरकारी आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है।

यह भी पढ़े | RTGS Facility: RBI के गवर्नर शक्तिकांत दास बोले- दिसंबर से चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेगी फंड ट्रांसफर की आरटीजीएस प्रणाली.

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राष्ट्रीय महासचिव डी राजा, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, हर्षवर्धन और अश्विनी चौबे सहित कई अन्य नेताओं ने उनके अंतिम दर्शन किए और दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।

राष्ट्रपति कोविंद और प्रधानमंत्री मोदी ने दिवंगत नेता के अंतिम दर्शन के बाद शोक संतप्त परिवार को सांत्वना भी दी। प्रधानमंत्री मोदी ने पासवान की पत्नी, उनके बेटे चिराग पासवान और परिवार के अन्य सदस्यों से कुछ देर बात भी की।

यह भी पढ़े | RBI Monetary Policy: आरबीआई ने रेपो रेट, रिवर्स रेपो रेट में नहीं किया बदलाव, चौथी तिमाही तक GDP दर पॉजिटिव होने का जताया अनुमान.

देश के प्रमुख दलित नेताओं में शुमार पासवान 74 वर्ष के थे। लोजपा के संस्थापक और उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री पासवान कई सप्ताह से यहां के एक अस्पताल में भर्ती थे। हाल ही में उनके दिल का ऑपरेशन हुआ था।

समाजवादी आंदोलन के स्तंभों में से एक पासवान बाद के दिनों में बिहार के प्रमुख दलित नेता के रूप में उभरे और उन्होंने जल्द ही राष्ट्रीय राजनीति में अपनी विशेष जगह बना ली। पासवान की 1990 के दशक में अन्य पिछड़ा वर्ग के आरक्षण से जुड़े मंडल आयोग की सिफारिशों को लागू करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका रही।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)