देश की खबरें | उग्रवादी हमले के बाद इंफाल पश्चिम से सटे इलाकों में तलाशी अभियान चलाएगी मणिपुर पुलिस

इंफाल, दो सितंबर मणिपुर सरकार ने राज्य पुलिस को इंफाल पश्चिम जिले से सटे इलाकों में तलाशी अभियान चलाने का निर्देश दिया है, जहां संदिग्ध उग्रवादियों के हमले में दो लोगों की मौत हो गई थी और नौ अन्य घायल हो गए थे। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।

आयुक्त (गृह) एन. अशोक कुमार ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से रविवार को गोलीबारी और बम हमले में शामिल लोगों को गिरफ्तार करने के लिए कदम उठाने और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए इलाके में चौकसी बढ़ाने का निर्देश दिया है।

आयुक्त ने डीजीपी को लिखे एक पत्र में कहा, ‘‘इंफाल पश्चिम जिले से सटे सीमांत इलाकों में सामान्य कानून और व्यवस्था की स्थिति को बिगाड़ने वाली हालिया घटनाओं एवं ऐहतियाती उपायों को लागू रखने की आवश्यकता को देखते हुए, मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि कृपया इंफाल पश्चिम जिले से सटे सीमांत इलाकों में विशेष रूप से कीथेलमानबी से कौत्रुक तक के इलाकों में तलाशी एवं सुरक्षा जांच अभियान चलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें।’’

कांगपोकपी जिले में कीथेलमानबी और इंफाल पश्चिम में कोत्रुक के बीच लगभग 32 किलोमीटर की दूरी है और यह इलाका पिछले वर्ष मई में जातीय हिंसा भड़कने के बाद से लगातार हमलों का केंद्र बिंदु रहा है।

पुलिस के अनुसार, उग्रवादियों ने रविवार को कौत्रुक एवं पड़ोसी कडांगबंद के निचले घाटी क्षेत्रों में पहाड़ियों से अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें दो लोगों की मौत हो गयी जबकि नौ अन्य घायल हो गए। इसमें कई घरों को नुकसान भी पहुंचा है।

पुलिस ने दावा किया कि हमले में रॉकेट से दागे जाने वाले ग्रेनेड और ड्रोन का इस्तेमाल किया गया।

गोलीबारी एवं बम हमले के बारे में एक आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘‘इम्फाल पश्चिम के कौत्रुक में एक हमले में, कथित उग्रवादियों ने उच्च तकनीक वाले ड्रोन का इस्तेमाल करके कई आरपीजी लगाये हैं।’’

बयान में कहा गया है कि इसमें संभवतः तकनीकी विशेषज्ञता और सहायता वाले उच्च प्रशिक्षित पेशेवरों की भागीदारी से इनकार नहीं किया जा सकता।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)