नयी दिल्ली, एक सितंबर भारत के शीर्ष टेबल टेनिस खिलाड़ी जी साथियान और मनिका बत्रा ने सोनीपत में गुरूवार से शुरू हो रहे राष्ट्रीय शिविर से बाहर रहने की इजाजत मांगी है और नये नियमों के तहत ऐसा करने पर वे आगामी एशियाई चैम्पियनशिप के लिये चयन से अयोग्य हो जायेंगे ।
मनिका पुणे में ही अभ्यास जारी रखना चाहती है जबकि साथियान पोलैंड में लीग खेल रहे हैं ।
मनिका ने कहा ,‘‘ मैने टीटीएफआई से अनुरोध किया है कि मुझे अपने अभ्यास कार्यक्रम पर अमल करने दे । मैं आगामी टूर्नामेंटों के लिये अच्छी तैयारी करना चाहती हूं ।’’
वहीं साथियान ने कहा ,‘‘ मैं इस समय पोलैंड में बेहतरीन जोड़ीदारों के साथ अभ्यास कर रहा हूं । मुझे पोलिश लीग में अच्छे मैच खेलने का मौका मिलेगा । इसके बाद चेन्नई में कुछ दिन आराम करके डब्लयूटीटी के लिये दोहा जाऊंगा । इसलिये इस बार शिविर में भाग नहीं ले सकूंगा ।’’
एशियाई चैम्पियनशिप दोहा में 28 सितंबर से शुरू होगी जिससे पहले डब्ल्यूटीटी स्टार कंटेंडर खेली जानी है ।
टीटीएफआई सलाहकार एम पी सिंह ने कहा कि महासंघ की नीतियां खिलाड़ियों के लिये अलग अलग नहीं है और राष्ट्रीय शिविर में भाग नहीं लेने वालों का चयन नहीं किया जायेगा ।
टीटीएफआई सचिव अरूण बनर्जी ने चार अगस्त को कार्यकारी समिति की बैठक के बाद जारी बयान में कहा था ,‘‘ राष्ट्रीय शिविर में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का ही चयन किसी भी टूर्नामेंट के लिये राष्ट्रीय टीम में किया जायेगा ।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY