मुंबई, 14 सितंबर आतिथ्य क्षेत्र की कंपनी महिंद्रा होलिडेज एंड रिजॉर्ट्स (एमएचआरआईएल) उत्तराखंड में अगले कुछ साल में चार-पांच रिजॉर्ट बनाएगी। कंपनी इसके लिए 1,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
कंपनी ने बृहस्पतिवार को बताया कि उसने उत्तराखंड सरकार के साथ इस संबंध में समझौता किया है।
कंपनी ने बयान में कहा कि उसका यह किसी राज्य में सबसे बड़ा निवेश है। उसकी योजना 2030 तक अपने कमरों की संख्या 10,000 करने की है, जो फिलहाल 5,000 है।
बयान के अनुसार, “ब्रांड क्लब महिंद्रा के अंतर्गत भारत की प्रमुख आतिथ्य कंपनी एमएचआरआईएल ने आज उत्तराखंड में 1,000 करोड़ रुपये का निवेश करने और अगले कुछ साल में चार-पांच रिजॉर्ट बनाने के लिए प्रदेश सरकार के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।”
एमएचआरआईएल ने कहा कि यह निवेश उत्तराखंड में कंपनी की पहुंच को दोगुना से अधिक कर देगा। क्लब महिंद्रा पहले से ही जिम कॉर्बेट, मसूरी, कनाताल और बिनसर में रिजॉर्ट चलाती है।
एमएचआरआईएल के प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कविंदर सिंह ने कहा, “हम उत्तराखंड में एक बड़ा अवसर देखते हैं, और हमारा निवेश न केवल राज्य की क्षमता में हमारे विश्वास को, बल्कि इसकी आर्थिक वृद्धि में योगदान देने की हमारी प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।”
एमएचआरआईएल के भारत और दुनिया के अन्य देशों में फिलहाल 102 रिजॉर्ट हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY