देश की खबरें | महाराष्ट्र: ठाकरे की पार्टी के पूर्व पार्षद शिंदे की शिवसेना में शामिल हुए

मुंबई, 27 जून शिवसेना (यूबीटी) नेता और पूर्व पार्षद संजय अगालदरे मंगलवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए।

पिछले वर्ष पार्टी के विभाजन के बाद से शिवसेना (यूबीटी) के करीब एक दर्जन पार्षद अब तक शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना में शामिल हो चुके हैं।

पिछल वर्ष की शुरुआत में कार्यकाल खत्म होने से पहले अगालदरे बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के वार्ड संख्या-99 (खर डांडा) का प्रतिनिधित्व करते थे।

उनके कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक इस मौके पर शिंदे ने कहा कि शिवसेना-भाजपा सरकार पिछले 11 महीनों से राज्य में जिस गति से काम कर रही है उससे अपने भविष्य को लेकर विपक्ष चिंतित है।

शिंदे ने कहा, ‘‘हमने जन कल्याण के लिए कई निर्णय लिये हैं। छोटी अवधि में हमने विकास कार्यों को गति दी जो पिछली सरकार के कार्यकाल में ठहर गये थे। बीएमसी पर जो 15 वर्ष से शासन कर रहे हैं उन्होंने शहर के लिए कुछ नहीं किया।’’

शिंदे ने कहा, ‘‘आगामी डेढ़ वर्षों में सरकार के काम के बारे में सोचकर विपक्ष डर गया है। मुंबईवासी हम पर भरोसा करते हैं। इसलिए पार्षद लगातार हमारे साथ आ रहे हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)