देश की खबरें | इंदौर की देवी अहिल्याबाई की याद में देश भर में आयोजन करेगी मध्यप्रदेश सरकार : मुख्यमंत्री

इंदौर, एक सितंबर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को घोषणा की कि इंदौर के पूर्व होलकर राजवंश की शासक देवी अहिल्याबाई के जीवन के प्रेरणादायी पक्षों को सबके सामने लाने के लिए राज्य सरकार देश भर में कार्यक्रम आयोजित करेगी।

यादव ने देवी अहिल्याबाई की 229वीं पुण्यतिथि पर इंदौर में आयोजित एक समारोह में कहा कि प्रदेश सरकार ने देवी अहिल्याबाई उत्सव समिति बनाई है और इसके तहत आने वाले वक्त में देश भर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा,‘‘हम इन कार्यक्रमों के जरिये देवी अहिल्याबाई के जीवन के विविध पक्षों को सबके बीच ले जाएंगे ताकि सबको उनसे प्रेरणा मिल सके।’’

यादव ने बताया कि उन्होंने राज्य सरकार की देवी अहिल्याबाई उत्सव समिति के सदस्यों के नामों को रविवार को ही मंजूरी दी है और सोमवार को इनकी विधिवत घोषणा की जाएगी।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार देवी अहिल्याबाई की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए अशासकीय क्षेत्र में चल रहे प्रकल्पों में भी हरसंभव सहयोग करेगी।

यादव ने कहा कि देवी अहिल्याबाई ने देश भर के हिंदू तीर्थस्थलों में धार्मिक और परमार्थिक काम करके पश्चिमी मध्यप्रदेश के मालवा अंचल का मान-सम्मान बढ़ाया और मुगल शासकों को चुनौती देते हुए सनातन धर्म की पताका फहराई।

उन्होंने कहा कि देवी अहिल्याबाई के जीवन में निजी कष्टों और चुनौतियों का अम्बार था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने इंदौर के तत्कालीन होलकर राजवंश की शासक के तौर पर सुशासन और सुप्रबंधन की नजीर पेश की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवी अहिल्याबाई ने सामाजिक भेदभाव मिटाने और नारी सशक्तिकरण की दिशा में भी काम किया और उन्होंने अपनी सेना में पहली बार महिलाओं का दस्ता बनाया था।

समारोह को लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने भी संबोधित किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)