जयपुर, 16 नवंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद रमेश बिधूड़ी ने दावा किया है कि राजस्थान और टोंक के चुनावों पर लाहौर की नजर है।
बिधूड़ी मंगलवार रात टोंक में भाजपा प्रत्याशी द्वारा आयोजित युवा कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस बैठक का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
दक्षिणी दिल्ली के सांसद बिधूड़ी ने सितंबर में संसद में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के लोकसभा सदस्य दानिश अली के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। बिधूड़ी टोंक निर्वाचन क्षेत्र के भाजपा प्रभारी हैं।
उन्होंने कहा, “इस चुनाव पर पूरे देश की नज़र है.. देश की नहीं राजस्थान के चुनाव पर...टोंक के चुनाव पर लाहौर की भी नज़र है। पीएफआई (पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया) के लोगों को शरण कौन देता है ? पीएफआई के लोग पकड़े जाते हैं, उनको रोटी कौन खिलाता है ? टोंक में बैठे लोग खिलाते हैं। यहां तो लाहौर की भी नज़र है।’’
उन्होंने कहा, '' हमको देखना पड़ेगा की 25 तारीख के चुनाव के बाद देश में लड्डू बंटने चाहिए या लाहौर में लड्डू बंटने चाहिए।’’
बिधूड़ी ने कहा, ‘‘यहां पर हमास जैसे आतंकवादी नज़र गढ़ाए बैठे हैं कि दुर्घटना में कोई मारा जायेगा तो उसके परिवार को नौकरी और पचास लाख रुपये दिए जाते हैं... ये राजस्थान में दिए जाते है और किसी बेकसूर कन्हैया की हत्या कर दी जाती है तो उसे भीख के रूप में पांच लाख दिलाने की बात करते हो।”
उन्होंने कहा “इस चुनाव के ऊपर नज़र देश की नहीं है, देश के बहार बैठे दुश्मनों की नज़र है।”
बैठक का आयोजन टोंक से भाजपा प्रत्याशी अजीत मेहता ने किया था।
मौजूदा विधायक और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट टोंक से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं, जहां मुस्लिम मतदाताओं की एक बड़ी आबादी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY