तिरुवनंतपुरम/अमरावती, चार जनवरी केरल में मंगलवार को कोविड-19 के 3,640 नये मामले सामने आने के साथ ही राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 52,49,489 हो गई है। वहीं, संक्रमण से 453 और मौतों के बाद मृतक संख्या बढ़कर 48,637 हो गई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने एक विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी।
केरल में पिछले दो सप्ताह से लगातार संक्रमण के नये मामलों की संख्या तीन हजार से कम रही थी।
मौत के नए मामलों में 423 ऐसे मामले में भी शामिल हैं जिन्हें किन्हीं कारणवश पूर्व में मृतक संख्या में नहीं जोड़ा गया था। इनमें से 30 मरीजों की मौत पिछले कुछ दिनों में हुई।
विज्ञप्ति के मुताबिक केरल में बीते 24 घंटे के दौरान कोविड-19 के 2,363 मरीज संक्रमण मुक्त हुए, जिससे राज्य में इस जानलेवा वायरस के संक्रमण को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 51,89,100 हो गई है। विज्ञप्ति में बताया गया कि राज्य में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 20,180 हो गयी है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य के 14 जिलों में से एर्णाकुलम में सर्वाधिक 641 नये मामले सामने आए। इसके बाद तिरुवनंतपुरम में 599 जबकि कोझिकोड में कोरोना वायरस संक्रमण के 403 नये मामले दर्ज किए गए।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि केरल में बीते 24 घंटे के दौरान 71,120 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई। राज्य में कुल 1,05,547 लोगों को निगरानी में रखा गया है, जिसमें से 2,354 लोग विभिन्न अस्पतालों में बने पृथक-वास में भर्ती हैं।
वहीं, आंध्र प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोविड-19 के 334 नये मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 20,77,942 हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को एक बुलेटिन में इसकी जानकारी दी।
बुलेटिन में कहा गया है कि महामारी से एक और मरीज की मौत होने से मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 14,499 हो गयी। इससे पहले राज्य में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 122 नये मामले सामने आए थे।
बुलेटिन के अनुसार, बीते 24 घंटे के दौरान कोविड-19 के 95 मरीज संक्रमण मुक्त हुए, जिसके बाद स्वस्थ होने वाले मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 20,61,927 हो गयी है। इसमें कहा गया है कि उपचाराधीन रोगियों की संख्या 1,516 हो गई है।
बुलेटिन के मुताबिक, संक्रमण के नए मामलों में चित्तूर जिले में सर्वाधिक 55 नए मामले सामने आए। इसके बाद कृष्णा में 50, गुंटूर में 39, अनंतपुरमू में 29, पूर्वी गोदावरी में 17, पश्चिम गोदावरी में 16, श्रीकाकुलम में 15 और एसपीएस नेल्लोर जिले में कोरोना वायरस संक्रमण के 14 नए मामले सामने आए।
इस बीच, स्वास्थ्य आयुक्त कटामनेनी भास्कर ने कहा कि विजयवाड़ा के सिद्धार्थ मेडिकल कॉलेज में एक संपूर्ण जीनोम-सीक्वेंसिंग केंद्र स्थापित किया गया है, जो राज्य में पहला और केरल के बाद देश में दूसरा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY