जरुरी जानकारी | जेके टायर ने मध्य प्रदेश स्थित कारखाने की क्षमता विस्तार का पहला चरण पूरा किया

नयी दिल्ली, 29 जून जेके टायर एंड इंडस्ट्रीज ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने 312 करोड़ रुपये के निवेश के साथ मध्य प्रदेश के बानमोर में अपनी यात्री कार रेडियल टायर विनिर्माण सुविधा की क्षमता विस्तार का पहला चरण पूरा कर लिया है।

विस्तार के परिणामस्वरूप संयंत्र की वार्षिक उत्पादन क्षमता में 31 प्रतिशत की वृद्धि होगी। इससे उत्पादन 39 लाख यूनिट से बढ़कर 51 लाख यूनिट सालाना हो जाएगी।

विस्तार का दूसरा चरण 617 करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश के साथ अप्रैल 2024 तक पूरा होने की उम्मीद है। इससे संयंत्र की उत्पादन क्षमता 31 प्रतिशत बढ़ जाएगी।

जेके टायर एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक रघुपति सिंघानिया ने एक बयान में कहा, ‘‘इस विनिर्माण सुविधा का विस्तार नवाचार, स्थिरता और मध्य प्रदेश की विकास कहानी में हमारे महत्वपूर्ण योगदान के प्रति हमारे अटूट समर्पण को दर्शाता है।’’

उन्होंने कहा कि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ग्राहकों की मांगों को पूरा करने के लिए कंपनी की उत्पादन और विनिर्माण क्षमताएं लगातार विकसित हो रही हैं।

जेके टायर ने कहा कि इस सुविधा ने राज्य में लगभग 15,000 व्यक्तियों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा किए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)