नयी दिल्ली, पांच अक्टूबर महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक की नीलामी अगले कुछ सप्ताह में की जाएगी। खान मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव संजय लोहिया ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
तांबा, लिथियम, निकेल, कोबाल्ट और पृथ्वी की सतह के अंदर मिलने वाले दुर्लभ और महत्वपूर्ण खनिज, पवन टर्बाइन और बिजली नेटवर्क से लेकर इलेक्ट्रिक वाहनों जैसी तेजी से बढ़ती स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकियों के लिए बेहद आवश्यक हैं।
स्वच्छ ऊर्जा की स्वीकार्यता बढ़ने के साथ ही इन खनिजों की मांग भी तेजी से बढ़ रही है।
हालांकि, लोहिया ने यह नहीं बताया कि कितने ब्लॉक की नीलामी की जाएगी।
भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के ‘इंडिया माइनिंग समिट’ में एक सवाल के जवाब में अतिरिक्त सचिव ने कहा कि महत्वपूर्ण खनिजों की नीलामी के संदर्भ में कई कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि नीलामी की अवधि खदानों की उपलब्धता और मांग पर निर्भर करेगी।
सरकार ने हाल ही में 30 महत्वपूर्ण खनिजों की सूची जारी की है। इनमें सुरमा, बेरिलियम, बिस्मथ, कोबाल्ट, तांबा, गैलियम, जर्मेनियम, ग्रेफाइट, हेफनियम, इंडियम, लिथियम, मोलिब्डेनम, नाइओबियम, निकेल और सिलिकॉन आदि शामिल हैं।
खान मंत्रालय भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) और अन्य एजेंसियों के जरिये से देश में इन खनिजों की खोज का दायरा बढ़ाने पर ध्यान दे रहा है।
खनिज बिदेश इंडिया लिमिटेड (काबिल) नाम की संयुक्त उपक्रम कंपनी को सार्वजनिक क्षेत्र के तीन केंद्रीय उपक्रमों- नेशनल एल्युमीनियम कंपनी लिमिटेड, हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड और मिनरल एक्सप्लोरेशन कंपनी लिमिटेड के समान योगदान से गठित किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY