ताजा खबरें | नवीन पटनायक यदि एक बार मुख्यमंत्री नहीं बने तो राजनीति छोड़ दूंगा: पांडियन

भुवनेश्वर, 10 मई बीजू जनता दल (बीजद) के नेता वी के पांडियन ने शुक्रवार को कहा कि यदि पार्टी अध्यक्ष नवीन पटनायक विधानसभा चुनाव के बाद लगातार छठी बार ओडिशा के मुख्यमंत्री नहीं बने तो वह राजनीति छोड़ देंगे।

पटनायक के करीबी पांडियन ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धमेंद्र प्रधान को यह घोषणा करने की चुनौती दी कि यदि राज्य में भाजपा सत्ता में नहीं आयी तो वह भी राजनीतिक ‘संन्यास’ ले लेंगे। प्रधान ओडिशा में भाजपा का चेहरा हैं।

नौकरशाह से नेता बने पांडियन ने झारसुगुडा जिले के ब्रजराजनगर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आप (भाजपा) कहते हैं कि ओडिशा में भाजपा की लहर एवं परिवर्तन की लहर है, लेकिन मैं दृढ़तापूर्वक कहता हूं कि यदि मुख्यमंत्री फिर मुख्यमंत्री नहीं बनते हैं तो मैं राजनीति से संन्यास ले लूंगा।’’

पटनायक पांच मार्च, 2000 से ही ओडिशा की सत्ता में हैं।

पांडियन ने दावा किया कि भाजपा उन्हें पटनायक का ‘गुमास्था’ (क्लर्क) या ‘चमचा’ कहती है। उन्होंने कहा, ‘‘ लेकिन आप (प्रधान) तो एक केंद्रीय मंत्री हैं। यदि आपमें साहस है तो घोषणा कीजिए कि यदि ओडिशा में भाजपा सत्ता में नहीं आती है तो आप राजनीति से संन्यास ले लेंगे।’’

बीजद नेता ने पूछा कि प्रधान ने ओडिशा के लोगों के लिए क्या किया है।

पांडियन ने दावा किया कि भाजपा नेता ने 10 साल ढेंकानाल से चुनाव लड़ने की कोशिश की लेकिन आखिरकार संबलपुर चले गये।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पांच मई को कहा था कि चार जून ओडिशा में बीजद सरकार के समापन की तारीख है और 10 जून को भाजपा का एक मुख्यमंत्री शपथ लेगा।

पांडियन ने तत्काल पलटवार करते हुए दावा किया था कि बीजद तीन-चौथाई बहुमत से चुनाव जीतेगा और पटनायक नौ जून को पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे से डेढ़ बजे के बीच शपथ लेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)