देश की खबरें | महामारी के बीच बिहार में विधानसभा चुनाव कैसे होंगे: संजय राउत
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

मुंबई, 26 सितंबर शिवसेना सांसद संजय राउत ने शनिवार को यह जानना चाहा कि कोरोना वायरस महामारी के बीच बिहार में विधानसभा चुनाव कैसे कराये जाएंगे।

राज्य में तीन चरणों में--28 अक्टूबर, तीन और सात नवंबर-- विधानसभा चुनाव होंगे।

यह भी पढ़े | Bihar Assembly Elections 2020: जीतन राम मांझी को NDA में शामिल होने पर मिली Z+ सिक्योरिटी, जानें बिहार में किस नेता को मिली है कौन सी सुरक्षा.

राउत ने यहां संवाददाताओं से कहा कि चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी गई है क्योंकि बिहार विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होने को है, ‘‘ऐसे में सवाल यह है कि क्या कोविड-19 समाप्त हो गया है?’’

शिवसेना के राज्यसभा सदस्य ने कहा, ‘‘इस तरह के माहौल में चुनाव कैसे होगा? देश जरूर जानना चाहेगा। चुनाव प्रचार और रैलियां कैसे होंगी? मतदान ऑनलाइन नहीं हो सकता। आपको कतार में खड़ा होना होगा। ’’

यह भी पढ़े | पीएम मोदी आज शाम 6.30 बजे UNGA को करेंगे संबोधित, वैश्विक आतंकवाद के मुद्दे पर होगी बातचीत.

उन्होंने कहा कि महामारी के डर से लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं, ऐसे में मतदान प्रतिशत नहीं गिरना चाहिए।

यह पूछे जाने पर कि हाल ही में संसद में पारित किये गये कृषि विधेयक क्या चुनाव का मुद्दा बनेंगे, राउत ने कहा कि बिहार राष्ट्रीय राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रखता है और वहां पर चुनाव विकास, कानून व्यवस्था तथा शासन के मुद्दे पर लड़ा जाना चाहिए।

उन्होंने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की कथित आत्महत्या को बिहार में राजनीतिक मुद्दा बनाये को लेकर राज्य की पार्टियों पर संभवत: निशाना साधते हुए कहा, ‘‘यदि ये मुद्दे खत्म हो गये हैं, तो कुछ मुंबई से मंगाया जा सकता है। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)