देश की खबरें | हिमाचल प्रदेश का बिलासपुर सितंबर 2027 तक रेल नेटवर्क से जुड़ने की संभावना: अनुराग ठाकुर

बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश), चार मार्च भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को कहा कि हिमाचल प्रदेश का बिलासपुर सितंबर 2027 तक देश के रेल नेटवर्क से जुड़ जाएगा। उन्होंने राज्य की कांग्रेस सरकार पर इस परियोजना के लिए अपने हिस्से की राशि नहीं देने का आरोप लगाया।

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं बिलासपुर से सांसद ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार महत्वाकांक्षी भानुपल्ली-बिलासपुर रेलवे लाइन परियोजना के लिए राशि मुहैया करा रही है। उन्होंने कहा कि यह लाइन सामरिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

ठाकुर ने आरोप लगाया, ‘‘लेकिन राज्य सरकार न तो परियोजना के लिए अपना हिस्सा (धन राशि) दे रही है और न ही केंद्र सरकार द्वारा भेजे जा रहे धन का सही तरीके से उपयोग किया जा रहा है।’’

उन्होंने यह भी दावा किया कि रेलवे परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए धन का इस्तेमाल कांग्रेस सरकार विभिन्न मदों में कर रही है।

ठाकुर ने यहां कहा, ‘‘भानुपल्ली-बिलासपुर रेलवे लाइन का निर्माण कार्य जिस गति से किया जा रहा है, उससे उम्मीद की जा सकती है कि सितंबर 2027 तक बिलासपुर में भी ट्रेन की सिटी बजने लगेगी।’’

भाजपा सांसद ने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार में 54.80 करोड़ नए बैंक खाते खोले गए हैं और उनमें दो लाख करोड़ रुपये से अधिक जमा हुए हैं, जिससे बैंकिंग क्षेत्र में बड़ी क्रांति आई है। उन्होंने कांग्रेस को ‘‘झूठों’’ की पार्टी करार दिया।

बिलासपुर और हमीरपुर जिल के अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान ठाकुर ने भड़ोली कलां क्षेत्र में एक बैंक शाखा का उद्घाटन किया। इस अवसर पर झंडूता विधानसभा सीट से भाजपा विधायक जे आर कटवाल भी मौजूद थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)