शिमला, 10 जून हिमाचल प्रदेश पुलिस मुख्यालय दो दिन तक सील रहने के बाद बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे फिर से खुलेगा। यह जानकारी एक अधिकारी ने बुधवार को दी।
पुलिस मुख्यालय इमारत को मंगलवार को सील कर दिया गया था क्योंकि राज्य के पुलिस प्रमुख से मुलाकात करने वाले एक व्यक्ति की कोरोना वायरस से मृत्यु होने के बाद शीर्ष पुलिस अधिकारी और 28 अन्य कर्मी पृथक-वास में चले गए थे।
पुलिस प्रवक्ता कुशाल शर्मा ने कहा कि परिसर को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा राज्य स्वास्थ्य विभाग के प्रोटोकॉल और परामर्शों के अनुसार सोडियम हाइपोक्लोराइट का इस्तेमाल कर संक्रमणमुक्त किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उसके बाद पुलिस मुख्यालय को 11 जून को सुबह 10 बजे खोला जाएगा।
यह भी पढ़े | Delhi Rains Update: दिल्ली-एनसीआर में तेज आंधी और बारिश से डीएनडी पर साइनबोर्ड गिरने से सड़क बंद.
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) संजय कुंदू और 27 अन्य अधिकारी एवं पुलिस कर्मियों की कोरोना वायरस की जांच रिपोर्ट मंगलवार को निगेटिव आयी।
उन्होंने कहा कि एक नमूने की जांच रिपोर्ट अभी नहीं आयी है जो मंगलवार को सही तरीके से नहीं लिया गया था। इसकी रिपोर्ट बृहस्पतिवार शाम तक आने की उम्मीद है। उसका नमूना आज फिर से लिया गया।
डीजीपी के कार्यभार ग्रहण करने के पहले दिन एक जून को उन्हें शुभकामना देने के लिए एक व्यक्ति पुलिस मुख्यालय आया था। व्यक्ति सोमवार को कोविड-19 से संक्रमित पाया गया और उसकी मंगलवार को दिल्ली में इसके चलते मौत हो गई। उसके बाद पुलिस मुख्यालय को सील कर दिया गया था।
शर्मा ने कहा कि व्यक्ति उसी दिन दिल्ली रवाना हो गया था जिस दिन वह पुलिस मुख्यालय आया था।
पुलिस ने यह नहीं बताया कि व्यक्ति दिल्ली का एक स्थायी निवासी था या नहीं, तथा परोक्ष तौर पर खुद को इस आलोचना से बचाने के लिए कैसे एक रेड जोन से आए व्यक्ति को स्वयं को संस्थागत रूप से पृथक किये बिना पुलिस मुख्यालय आने की इजाजत दी गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY