देश की खबरें | हिमाचल सरकार ने डीजल पर वैट बढ़ाकर लोगों पर 1,500 करोड़ रुपये का बोझ डाला है: भाजपा

शिमला, 15 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हिमाचल प्रदेश इकाई के प्रमुख राजीव बिंदल ने शनिवार को यहां कहा कि कांग्रेस सरकार ने राज्य में डीजल पर पिछले सात महीने में दो बार मूल्य संवर्धित कर (वैट) बढ़ाकर लोगों पर 1,500 करोड़ रुपये का बोझ डाला है।

बिंदल ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘यह उन लोगों के घावों पर नमक छिड़कने जैसा है, जिन्हें भारी बारिश और बाढ़ के कारण भारी नुकसान उठाना पड़ा है। पिछले सात महीने में डीजल पर वैट में छह रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी का कदम सरकार की छिपी हुई गारंटी का हिस्सा प्रतीत होता है।’’

उन्होंने कहा कि सरकार ने जनवरी में डीजल पर वैट तीन रुपये प्रति लीटर बढ़ाया और शनिवार को इसे फिर से तीन रुपये प्रति लीटर बढ़ाया गया।

बिंदल ने कहा कि पहाड़ी राज्य में भाजपा की पूर्ववर्ती सरकार ने डीजल पर वैट कम कर दिया था।

बिंदल ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने लोगों को 10 गारंटी दी थीं जो अभी तक पूरी नहीं हुई हैं, लेकिन सरकार डीजल पर वैट बढ़ाने की ‘‘छिपी’’ गारंटी को लागू करने में तत्पर है।

हिमाचल प्रदेश सरकार ने डीजल पर वैट तीन रुपये बढ़ाकर 7.4 रुपये से 10.4 रुपये प्रति लीटर कर दिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)