देश की खबरें | हिमाचल चुनाव : नामांकन दाखिल करने के दूसरे दिन दो उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया

शिमला, 18 अक्टूबर हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को नामांकन पत्र दाखिल करने के दूसरे दिन दो उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) मनीष गर्ग ने यहां बताया कि कांगड़ा जिले के 8-फतेहपुर और 9-जवाली विधानसभा क्षेत्रों से दो उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया।

उन्होंने कहा कि अशोक कुमार सोमल (64) ने फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया, जबकि अरुण कुमार (42) ने हिमाचल जन क्रांति पार्टी के उम्मीदवार के रूप में जवाली विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया।

सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल करने के पहले दिन किसी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया था।

राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी कांग्रेस ने अभी तक राज्य विधानसभा की 68 सीटों में से किसी भी सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।

आम आदमी पार्टी (आप) ने यहां पहली बार अपनी किस्मत आजमाते हुए चार सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। आप की हिमाचल के प्रभारी और पंजाब सरकार में मंत्री हरजोत बेंस ने मंगलवार को कहा कि पार्टी बुधवार शाम तक शेष 64 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की अधिसूचना 17 अक्टूबर को जारी की गई थी और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 25 अक्टूबर है।

नामांकन पत्रों की जांच 27 अक्टूबर को होगी और नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तारीख 29 अक्टूबर है।

हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों के लिए 12 नवंबर को मतदान होना है, जबकि मतगणना आठ दिसंबर को होगी।

विधानसभा में मौजूदा समय में भाजपा के 43 सदस्य हैं, उसके बाद कांग्रेस के 22 सदस्य हैं। विधानसभा में दो निर्दलीय और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी का एक विधायक है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)