नवी मुंबई, 26 फरवरी भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने चोट के कारण लंबे ब्रेक के बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी करते हुए सोमवार को यहां डीवाई पाटिल टी20 कप में दो विकेट चटकाए।
डीवाई पाटिल क्रिकेट अकादमी में भारत पेट्रोलियम निगम के खिलाफ कम स्कोर वाले मैच में रिलायंस वन की दो विकेट से जीत में हार्दिक ने तीन ओवर में 22 रन देकर दो विकेट चटकाए।
अक्टूबर में पुणे में बांग्लादेश के खिलाफ एकदिवसीय विश्व कप मैच के दौरान टखने में चोट लगने के बाद से पंड्या प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर थे। वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में पांच बार की विजेता मुंबई इंडियन्स के नए कप्तान के रूप में वापसी की तैयारी कर रहे हैं।
रिलायंस वन टीम में तिलक वर्मा, नेहल वढेरा, आकाश मधवाल, नमन धीर और पीयूष चावला जैसे मुंबई इंडियन्स के अन्य खिलाड़ी भी शामिल हैं।
हालांकि इस साल जून में कैरेबिया और अमेरिका में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए 30 साल के ऑलराउंडर हार्दिक की जगह रोहित शर्मा को भारतीय कप्तान बनाया गया है।
डीवाई पाटिल टी20 कप एक कारपोरेट टूर्नामेंट है जिसमें कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन भी विश्व कप के बाद इस टूर्नामेंट के साथ प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी करेंगे। वह मंगलवार को रूट मोबाइल के खिलाफ भारतीय रिजर्व बैंक के लिए खेलने को लिए तैयार हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY