गुरुग्राम, 28 अगस्त हरियाणा के गुरुग्राम की एक झुग्गी बस्ती में कुछ दुकानों की दीवारों पर आपत्तिजनक पोस्टर चिपकाए गए हैं, जिनमें मुसलमानों से सोमवार तक जगह छोड़ने को कहा गया है, अन्यथा उन्हें परिणाम भुगतने की धमकी दी गयी है।
यह पोस्टर गुरुग्राम के सेक्टर-69 की एक झुग्गी बस्ती में लगाए गए हैं। यह पोस्टर ऐसे समय में लगाए गए हैं, जब विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) ने नूंह में सोमवार को फिर से ‘बृज मंडल शोभा यात्रा' निकालने का आह्वान किया था।
इस संबंध में दर्ज शिकायत में माजिद ने कहा कि रविवार सुबह उसे अपनी चाय की दुकान की दीवार पर यह पोस्टर चिपका मिला।
माजिद ने आरोप लगाया कि पोस्टर में विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) और बजरंग दल का नाम था और सभी मुसलमानों से सोमवार तक जगह खाली करने या ''अपनी मौत के लिए जिम्मेदार'' होने की धमकी दी गयी है।
हालांकि, शिकायतकर्ता को आसिफ नाम के एक व्यक्ति पर संदेह है कि उसने उसे धमकी देने और क्षेत्र में हिंसा भड़काने के लिए पोस्टर चिपकाया। इस बीच, विहिप ने पोस्टरों से किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया है और उसे बदनाम करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
माजिद वर्तमान में सेक्टर- 69 में ट्यूलिप व्हाइट सोसाइटी के सामने झुग्गी बस्ती में रहता है, उसने कहा कि उसे रविवार सुबह अपनी चाय की दुकान की दीवार पर यह पोस्टर चिपका हुआ मिला।
माजिद ने अपनी शिकायत में कहा, ‘‘ आसिफ सेक्टर-69 में कबाड़ की दुकान चलाता है। उसने तीन-चार दिन पहले मुझे धमकी दी थी और जातिसूचक टिप्पणी भी की थी।’’
इस घटना के सिलसिले में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जांच अधिकारी सहायक उप-निरीक्षक चरण सिंह ने कहा, ‘‘हम आरोपी आसिफ की भूमिका की जांच कर रहे हैं और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY