अहमदाबाद, 29 जुलाई गुजरात के गोधरा शहर में चार करोड़ 76 लाख रुपये मूल्य के नोट बरामद किए गए हैं, जिन्हें नोटबंदी के समय कानूनी तौर पर चलन से बाहर कर दिया गया था।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि इस संबंध में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
यह भी पढ़े | अंबाला एयरबेस पर लैंड हुए पांचों Rafale Fighter Aircraft: 29 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.
गुजरात के आतंक रोधी दस्ते (एटीएस) की ओर से जारी वक्तव्य के अनुसार गोधरा पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) द्वारा मंगलवार की रात छापा मार कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
एटीएस को इस बाबत गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी।
छापे के दौरान पुलिस ने जुबेर हयात और फारूख छोटा नामक व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।
वक्तव्य के अनुसार मुख्य आरोपी इदरीस हयात भागने में कामयाब हो गया।
बंद कर दिए गए नोटों के अवैध लेनदेन में कुछ लोगों के शामिल होने की सूचना मिलने पर गोधरा एसओजी ने पहले मेड सर्किल स्थित एक स्थान पर छापा मारा और छोटा के पास से एक हजार रुपये के नोटों के पांच बंडल बरामद किए।
वक्तव्य के अनुसार उससे पूछताछ के बाद एसओजी दल गोधरा के धंत्या प्लॉट क्षेत्र में पहुंचा और एक घर और कार में पुराने नोटों के कई बंडल बरामद किए।
घर का मालिक इदरीस भागने में कामयाब रहा और उसके बेटे जुबेर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने एक हजार के 9,312 नोट और पांच सौ के 76,739 नोट बरामद किए जिनका कुल मूल्य 4,76,81,500 रुपये है।
पंचमहल की पुलिस अधीक्षक लीना पाटिल ने कहा, “इदरीस हयात पर पहले भी ऐसे मामले दर्ज हैं और वह दो साल से फरार है। गोधरा एसओजी आगे जांच करेगी कि आरोपी इन नोटों की जरिये क्या करना चाहते थे।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY