जरुरी जानकारी | भारती अर्थव्यवस्था में 2020- 21 में 14.8 प्रतिशत गिरावट का गोल्डमैन साक्स का अनुमान

मुंबई, आठ सितंबर अमेरिका की ब्रोकरेज कंपनी गोल्डमैन साक्स ने मंगलवार को भारत की आर्थिक वृद्धि के बारे में अपने पहले अनुमान में और बड़ी कटौती करते हुये कहा कि 2020- 21 में देश का जीडीपी में 14.8 प्रतिशत की बड़ी गिरावट आयेगी।

गोल्डमैन साक्स ने इससे पहले 11.8 प्रतिशत गिरावट का अनुमान लगाया था।

यह भी पढ़े | Dr Tsering Landol: लद्दाख की पहली महिला डॉक्टर, माइनस 35 डिग्री तापमान में करती थीं मरीजों की सेवा.

कोरोना वायरस संक्रमण से प्रभावित आबादी के मामले में भारत अब अमेरिका के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। ब्रोकरेज कंपनी का ताजा अनुमान चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़े जारी होने के कुछ ही दिन बाद सामने आया है।

अगस्त अंत में जारी सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल से जून 2020 तिमाही में भारत का सकल घरेलू उत्पाद 23.9 प्रतिशत घटा है। इस दौरान लॉकडाउन के कारण कृषि क्षेत्र को छोड़कर ज्यादातर गतिविधियां नीचे आ गईं।

यह भी पढ़े | उत्तर प्रदेश: डॉक्टर कफील खान कांग्रेस के करीब, पार्टी में हो सकते हैं शामिल.

करीब दो महीने लंबे चले लॉकडाउन के कारण आर्थिक गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हुई और दूसरी तरफ कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों पर अंकुश भी नहीं लग पाया। कोविड- 19 से संक्रमित लोगों की संख्या 42 लाख तक पहुंच चुकी है और 70 हजार से अधिक लोगों की इससे मौत हो चुकी है।

गोल्डमैन साक्स के विश्लेषकों का मानना है कि सितंबर 2020 में समाप्त होने वाली दूसरी तिमाही के दौरान भारत की जीडीपी में 13.7 प्रतिशत, उसके बाद दिसंबर तिमाही में 9.8 प्रतिशत गिरावट आने का अनुमान है। इससे पहले इन तिमाहियों में क्रमश: 10.7 प्रतिशत और 6.7 प्रतिशत गिरावट आने का अनुमान लगाया गया था।

वर्ष 2020- 21 में भाारत के जीडीपी में 14.8 प्रतिशत गिरावट आने का गोल्डमैन साक्स का यह अनुमान अब तक व्यक्त किये गये सभी अनुमानों में सबसे निराशाजनक है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)