पणजी, 20 फरवरी गोवा पुलिस ने आम आदमी पार्टी (आप) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अमित पालेकर को भूखंड हड़पने के कई मामलों के आरोपी एक व्यक्ति द्वारा जारी वीडियो के संबंध में शुक्रवार को तलब किया है।
यह आरोपी पुलिस हिरासत से भाग गया था, लेकिन बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
‘ओल्ड गोवा’ पुलिस ने बृहस्पतिवार को पालेकर को समन जारी कर उन्हें पूछताछ के लिए शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजे पेश होने को कहा।
भूमि हड़पने के आरोपी सिद्दिकी सुलेमान खान (55) द्वारा जारी वीडियो के सिलसिले में आप नेता पालेकर से पहले दो बार 24 दिसंबर, 2024 और नौ जनवरी, 2025 को पूछताछ की गई थी।
समन के अनुसार, पिछले साल दिसंबर में गोवा जेल से खान के भाग जाने की जांच के संबंध में तथ्यों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पालेकर से पूछताछ करने के उचित आधार हैं।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि पूछताछ में शामिल न होने या इस नोटिस की शर्तों का पालन न करने पर पालेकर को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 35 (6) के तहत गिरफ्तारी का सामना करना पड़ सकता है।
बीएनएसएस की धारा 35(6) के अनुसार, जिस व्यक्ति को नोटिस जारी किया जाता है, वह यदि उसकी शर्तों का पालन करने में विफल रहता है या अपनी पहचान बताने को तैयार नहीं है, तो पुलिस उसे नोटिस में उल्लेखित अपराध के लिए गिरफ्तार कर सकती है।
संपर्क करने पर पालेकर ने कहा कि वह समन का पालन करेंगे और शुक्रवार को पुलिस के समक्ष उपस्थित होंगे।
अपराध शाखा ने खान को भूखंड हड़पने के विभिन्न मामलों में गिरफ्तार किया था लेकिन वह 13 दिसंबर, 2024 को भाग गया था। दस दिन बाद उसे केरल से फिर गिरफ्तार कर लिया गया था।
दिसंबर में खान ने एक वीडियो जारी किया था और दावा किया था कि पुलिस ने उसे हिरासत से भागने में मदद की थी।
इसके बाद उसने एक और वीडियो जारी किया और दावा किया कि पालेकर ने उसे पहली क्लिप रिकॉर्ड करने के लिए मजबूर किया था।
पुलिस ने दूसरे वीडियो के सिलसिले में आप नेता को तलब किया है।
पुलिस ने पणजी के निकट रिबंदर स्थित अपराध शाखा कार्यालय से आरोपी को भागने में मदद देने के आरोप में कांस्टेबल अमित नाइक को गिरफ्तार किया है।
नाइक के खिलाफ नयी आपराधिक संहिता बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
इससे पहले हुई पूछताछ के बाद पालेकर ने कहा था कि उनके साथ एक आरोपी की तरह व्यवहार किया जा रहा है, जबकि वह एक गवाह हैं। उन्होंने कहा था, ‘‘पूरा प्रकरण संदिग्ध लग रहा है। उसकी (खान की) दोबारा गिरफ्तारी भी संदिग्ध लग रही है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY