नोएडा(उप्र), आठ सितंबर, गौतमबुद्ध नगर जिले के रबूपुरा पुलिस थाना में तैनात सिपाही अंकित बालियान को एक कबाड़ कारोबारी से कथित तौर पर एक लाख रुपये की रिश्वत मांगने के मामले में बर्खास्त कर दिया गया है जबकि इसी मामले में एक उपनिरीक्षक को निलंबित किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसने बताया कि रबूपुरा थाना के प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार की भी प्रारंभिक जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी सिपाही के खिलाफ जिले के बीटा- दो थाना में भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। सिपाही द्वारा एक कबाड़ कारोबारी से रिश्वत मांगने संबंधी ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बीटा- 2 थाना के वरिष्ठ उपनिरीक्षक चंद्र प्रकाश शर्मा ने बीती रात को मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई।
उन्होंने बताया कि वायरल ऑडियो में रबूपुरा निवासी एवं कबाड़ कारोबारी वसीम ने आरोप लगाया है कि अंकित बालियान व्हाट्सऐप कॉल करके उससे एक लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा है, तथा 25 हजार रुपये हर महीने हफ्ता की मांग कर रहा है।
प्रवक्ता ने बताया कि वसीम ने आरोप लगाया कि अंकित ने पैसे न देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY