नयी दिल्ली, 15 जुलाई अडाणी समूह के चेयरमैन गौतम अडाणी ने शनिवार को बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना से राजधानी ढाका में मुलाकात की।
अडाणी समूह ने एक बयान में कहा कि अडाणी की बांग्लादेश यात्रा झारखंड के गोड्डा में समूह के अल्ट्रा सुपर-क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट (यूएससीटीपीपी) से पड़ोसी देश को बिजली आपूर्ति शुरू होने के बाद हुई है।
अडाणी पॉवर लिमिटेड (एपीएल) ने 1,600 मेगावॉट की अपनी गोड्डा बिजली परियोजना से बांग्लादेश को बिजली आपूर्ति 10 अप्रैल से शुरू कर दी है।
अडाणी समूह ने कहा, “चेयरमैन गौतम अडाणी ने गोड्डा में समूह के बिजली संयंत्र से बांग्लादेश को पूर्ण क्षमता से बिजली आपूर्ति शुरू होने के बाद शनिवार को ढाका में बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना से मुलाकात की।”
बयान के अनुसार, गोड्डा यूएससीटीपीपी अडाणी समूह के अंतरराष्ट्रीय बिजली परियोजनाओं में कदम रखने की शुरुआत है। यह भारत की ऐसी पहली सक्रिय अंतरराष्ट्रीय बिजली परियोजना है, जहां पैदा होने वाली 100 प्रतिशत बिजली दूसरे देश को आपूर्ति की जाती है।
मुलाकात के बाद अडाणी ने ट्वीट में कहा, “1600 मेगावाट क्षमता के बिजली संयंत्र के शुभारंभ और बिजली हस्तांतरण पर बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना से मुलाकात कर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं भारत और बांग्लादेश की समर्पित टीमों को सलाम करता हूं जिन्होंने कोविड-19 महामारी का सामना करते हुए भी साढ़े तीन साल के रिकॉर्ड समय में इस संयंत्र को चालू किया।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY