देश की खबरें | तेलंगाना के सरकारी अस्पताल में कोविड-19 का इलाज करा रहे चार कैदी लापता
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

हैदराबाद, 27 अगस्त तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद स्थित सरकारी गांधी अस्पताल में कोविड-19 का इलाज करा रहे चार कैदी बुधवार-बृहस्पतिवार की दरमियानी रात लापता हो गए।

पुलिस ने बताया कि चेरलापल्ली केंद्रीय कारागार के चार कैदी - दो विचाराधीन और दो सजायाफ्ता- कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि के बाद गत 15 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे।

यह भी पढ़े | Muzaffarpur shelter home case: मुजफ्फरपुर बालिका गृहकांड मामले में ब्रजेश ठाकुर के खिलाफ चलेगा मनी लॉन्ड्रिंग का केस, सरकारी फंड का गलत दुरुपयोग करने का आरोप.

उन्होंने बताया कि चारों कैदी अस्पताल के कारागार वार्ड से लापता हैं और उनके अस्पताल परिसर में ही छिपे होने की आशंका है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘अस्पताल के विभिन्न तलों पर उनकी तलाश की जा रही है... वे रात करीब दो बजे शौचालय की खिड़की में लगे लोहे की छड़ को मोड़कर और चादर के सहारे भागे हैं।’’

यह भी पढ़े | GST New Provisions: जीएसटी में नए प्रावधान का कितना होगा फायदा.

उन्होंने कहा, ‘‘हम वार्ड की जांच कर रहे हैं और यह भी पता कर रहे हैं कि कहीं वे दीवार फांदकर परिसर से बाहर तो नहीं भाग गए।’’

अधिकारी के मुताबिक अस्पताल में दूसरे तल पर मौजूद वार्ड से ये कैदी अभी लापता हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें आशंका है कि कैदी अस्पताल परिसर में ही मौजूद हैं...हमें अभी तक उनके दीवार फांदकर परिसर से भागने के संकेत नहीं मिले हैं। ’’

उन्होंने कहा कि अस्पताल में प्रत्येक निकास एवं प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं और चारों कैदी इमारत से बाहर जाते नहीं दिखे हैं।

अस्पताल में बने कारावास वार्ड में लापता चार कैदियों सहित कुल 29 कैदियों का इलाज चल रहा है और इस घटना के बाद पूरे वार्ड की घेराबंदी कर दी गई है और निकास एवं प्रवेश द्वारा को बंद रक दिया गया है।

गौरतलब है कि इस समय गांधी अस्पताल के विभिन्न वार्डों में एक हजार से अधिक कोविड-19 मरीजों का इलाज चल रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)