जरुरी जानकारी | केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड में चार नए सदस्य नियुक्त

नयी दिल्ली, छह जुलाई आयकर विभाग के अंतर्गत भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के चार अधिकारियों को केंद्रीय वित्त मंत्रालय के तहत आने वाले केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) का सदस्य नियुक्त किया गया है। एक सरकारी आदेश में यह जानकारी दी गई।

सीबीडीटी आयकर विभाग की प्रशासनिक इकाई है और इसका काम व्यक्तिगत आयकर और कॉरपोरेट कर जैसी कर की विभिन्न श्रेणियों के अंतर्गत राजस्व इकट्ठा करना है।

मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति की ओर से बुधवार को जारी आदेश के अनुसार, 1987 बैच के दो आईआरएस अधिकारी- प्रवीन कुमार और हरिंदर बीर सिंह गिल और 1988 बैच के दो अधिकारी- संजय कुमार वर्मा और रवि अग्रवाल को सीबीडीटी के सदस्य के तौर पर नियुक्त किया गया है।

कर विभाग में विभिन्न क्षेत्रों में तैनात ये अधिकारी सीबीडीटी में चार पदों पर आएंगे, जो सितंबर, 2021 से रिक्त हैं।

सीबीडीटी में चेयरमैन के अलावा विशेष सचिव स्तर के छह सदस्य भी होते हैं।

सीबीडीटी में पहले से ही कार्यरत सदस्यों में 1987 बैच की आईआरएस अधिकारी- प्रज्ञा सहाय सक्सेना और सुभाश्री अनंतकृष्णन हैं। सीबीडीटी के चेयरमैन 1986 बैच के आईआरएस अधिकारी नितिन गुप्ता हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)