देश की खबरें | विदेश मंत्री जयशंकर 13 से स्पेन की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. विदेश मंत्री एस. जयशंकर द्विपक्षीय संबंधों की समग्र प्रगति की समीक्षा के लिए 13 जनवरी से स्पेन की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे।
नयी दिल्ली, 12 जनवरी विदेश मंत्री एस. जयशंकर द्विपक्षीय संबंधों की समग्र प्रगति की समीक्षा के लिए 13 जनवरी से स्पेन की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे।
यह यात्रा स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज की भारत यात्रा के करीब ढाई महीने बाद होगी।
विदेश मंत्रालय ने रविवार को कहा कि जयशंकर स्पेन के नेतृत्व से मुलाकात करेंगे और अपने स्पेनिश समकक्ष मैनुअल अल्बेरेस के साथ द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण पहलुओं पर चर्चा करेंगे।
विदेश मंत्री के रूप में यह उनकी पहली स्पेन यात्रा होगी।
विदेश मंत्रालय ने बताया, ‘‘यात्रा के दौरान विदेश मंत्री स्पेन के नेतृत्व से मिलेंगे और अपने समकक्ष विदेश मंत्री मैनुअल अल्बेरेस के साथ द्विपक्षीय संबंधों और आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मामलों के संपूर्ण पहलुओं पर चर्चा करेंगे।’’
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘उनका स्पेनिश राजदूतों के 9वें वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करने और भारतीय समुदाय से मिलने का भी कार्यक्रम है।’’
स्पेन के राष्ट्रपति सांचेज ने 28 और 29 अक्टूबर को भारत की यात्रा की थी और इस दौरान उन्होंने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ संयुक्त रूप से सी-295 सैन्य परिवहन विमान के उत्पादन संयंत्र का उद्घाटन किया था।
वार्ता के दौरान मोदी और सांचेज ने रक्षा और सुरक्षा क्षेत्रों सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने का भी निर्णय लिया।
उन्होंने यूरोपीय संघ-भारत संपर्क साझेदारी के उद्देश्यों को पूर्णतः प्राप्त करने के लिए सहयोग बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की तथा संपर्क बढ़ाने के लिए भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारा (आईएमईसी) परियोजना की क्षमता को मान्यता दी।
विदेश मंत्री जयशंकर और उनके स्पेनिश समकक्ष अल्बेरेस द्वारा मोदी-सांचेज बैठक में लिए गए निर्णयों के कार्यान्वयन की समीक्षा किए जाने की संभावना है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 12, 2025 09:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

