देश की खबरें | पुणे से कोविड-19 के टीके ‘कोविशील्ड’ को लेकर पहला विमान दिल्ली पहुंचा
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली/पुणे, 12 जनवरी कोरोना वायरस के खिलाफ निर्णायक लड़ाई के तहत 16 जनवरी से शुरू हो रहे टीकाकरण अभियान से चार दिन पहले मंगलवार को ‘कोविशील्ड’ टीकों की 56 लाख से ज्यादा खुराक पुणे से देश के 13 शहरों में भेजने की शुरुआत की गयी।

‘स्पाइसजेट’ का विमान सुबह करीब आठ बजे पुणे हवाईअड्डे से रवाना होने के बाद टीकों के साथ सुबह करीब 10 बजे दिल्ली हवाईअड्डे पहुंचा। इससे पहले तीन ट्रकों में इन टीकों को तड़के पांच बजे से कुछ समय पहले सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) से पुणे हवाईअड्डे के लिए रवाना किया गया था।

नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ट्विटर पर कहा कि टीके के परिवहन का काम शुरू हो गया है।

उन्होंने कहा कि चार विमानन कंपनियां पुणे से देश के 13 शहरों में कोविड-19 टीकों की 56.5 लाख खुराक ले जाने के लिए मंगलवार को नौ उड़ानें संचालित करेंगी।

‘ऑक्सफोर्ड‘ विश्वविद्यालय और ब्रिटिश-स्वीडिश कम्पनी ‘एस्ट्राजेनेका’ ने ‘कोविशील्ड’ टीके को विकसित किया है और एसआईआई इसका निर्माण कर रहा है।

मंत्री ने सुबह में कहा कि पुणे से ‘स्पाइसजेट’ के विमान के दिल्ली और ‘गोएयर’ के विमान के टीके लेकर चेन्नई के लिए सुबह रवाना होने के साथ ही इस अभियान की शुरुआत हुई।

‘स्पाइसजेट’ के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अजय सिंह ने कहा, ‘‘मैं यह बताते हुए बेहद खुश हूं कि ‘स्पाइसजेट’ ने आज, भारत की कोविड-19 के टीकों की पहली खेप को लेकर उड़ान भरी। पहली खेप में ‘कोविशील्ड’ के 1088 किलोग्राम के 34 डिब्बे थे, जो ‘स्पाइसजेट’ की विमान संख्या-8937 में पुणे से दिल्ली लाए गए।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)