गुरुग्राम, 31 मई हरियाणा के गुरुग्राम में शुक्रवार को तीन स्थानों पर आग लगने की बड़ी घटनाएं सामने आईं। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसने बताया कि इन हादसों में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 6.40 बजे डीएलएफ फेज 3 में स्थित स्टेपस्टोन होटल के सर्वर रूम में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई थी जिसके बाद दमकल की दो गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और 20 मिनट के भीतर आग पर काबू पा लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आग लगने के बाद होटल में मौजूद मेहमानों और कर्मचारियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन एक व्यक्ति ने खुद को बचाने के लिए पहली मंजिल से छलांग लगा दी थी, हालांकि उसे कोई चोट नहीं आई।
उसने बताया कि होटल से एक महिला को भी बचाया गया।
पुलिस ने बताया कि उद्योग विहार इलाके में भारत सीट्स लिमिटेड के कार्यालय में सुबह करीब 10.20 बजे आग लगने की एक अन्य घटना सामने आई, जिसके बाद दमकल की तीन गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया और आग पर काबू पा लिया गया।
उसने बताया कि कर्मचारियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस ने कहा कि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
तीसरी घटना सोहना में एक किराने की दुकान के गोदाम में सुबह 6.30 बजे आग लगने की है। जिसके बाद दमकल की तीन गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया और दो घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया गया।
अग्निशमन अधिकारी जयवीर भड़ाना ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन गोदाम में आग लगने से लाखों का सामान जलकर राख हो गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY