देश की खबरें | दिल्ली दंगों के नाबालिग पीड़ितों के परिवारों को भी वयस्कों के परिजन के बराबर मिले मुआवजा: माकपा
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, छह जनवरी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पोलित ब्यूरो की सदस्य वृंदा करात ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि पिछले साल राष्ट्रीय राजधानी में हुए दंगों के नाबालिग पीड़ितों के परिवारों को भी वयस्क पीड़ितों के परिवारों के बराबर मुआवजा प्रदान किया जाए।

गत वर्ष फरवरी में उत्तर-पूर्वी दिल्ली के कुछ इलाकों में हुई सांप्रदायिक हिंसा में कम से कम 53 लोग मारे गए थे और कई अन्य घायल हो गए थे।

केजरीवाल ने हिंसा में मारे गए वयस्क लोगों के परिवारों के लिए 10-10 लाख रुपये और नाबालिग पीड़ितों के परिवारों के लिए पांच-पांच लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की थी।

हाल ही में दो पीड़ितों के परिजन से मुलाकात करने वाली वृंदा ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि मुआवजे में ‘भेदभाव’ हुआ है।

माकपा नेता के मुताबिक, गरीब परिवारों के बहुत सारे बच्चे स्कूल जाने के साथ अपने परिवार के काम भी हाथ बंटाते हैं और ऐसे में मुआवजे का निर्धारण का आधार व्यक्ति की कमाई के आधार पर करना उचित नहीं हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री से यह आग्रह भी किया कि इन दंगों के पीड़ितों की मौत की पहली बरसी के अवसर पर उनके परिवारों को मुआवजे की राशि प्रदान की जाए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)