देश की खबरें | मप्र में कोविड-19 की आड़ में प्रमुख विपक्षी दल के कार्यकर्ताओं पर लादे जा रहे झूठे मामले : कांग्रेस
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

इंदौर (मध्यप्रदेश), तीन सितंबर कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि सूबे में सत्तारूढ़ भाजपा के इशारे पर प्रमुख विपक्षी दल के कार्यकर्ताओं पर कोविड-19 के दिशा-निर्देशों के उल्लंघन के नाम पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई की जा रही है और उन पर झूठे मामले लादे जा रहे हैं।

कांग्रेस ने यह आरोप ऐसे वक्त लगाया, जब राज्य की 27 विधानसभा सीटों पर आगामी उपचुनावों को लेकर दोनों धुर प्रतिस्पर्धी दलों की ओर से सियासी सरगर्मियां बढ़ रही हैं।

यह भी पढ़े | Sukhdev Dhaba of Murthal Hit By Coronavirus: मुरथल के मशहूर सुखदेव ढाबे के 65 कर्मचारी COVID-19 पॉजिटिव.

प्रदेश कांग्रेस समिति के मीडिया विभाग के प्रमुख और पार्टी के विधायक जीतू पटवारी ने इंदौर से करीब 30 किलोमीटर दूर सांवेर में संवाददाताओं से कहा, "कोरोना वायरस काल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और अन्य भाजपा नेता आगामी उप चुनावों के मद्देनजर बड़ी-बड़ी सभाएं कर रहे हैं। लेकिन पुलिस और प्रशासन के अधिकारी इन सभाओं में भाजपा के कार्यकर्ताओं की तरह हाथ बांधकर खड़े रहते हैं।"

उन्होंने कहा, "हमने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिये इंदौर के सांवेर क्षेत्र में मंगलवार को सभा आयोजित की, तो हमारे कायर्कर्ताओं पर प्राथमिकी लाद दी गयी।"

यह भी पढ़े | राजधानी दिल्ली के होटल, रेस्तरां, क्लब में 9 सितंबर से परोसा जा सकेगा शराब: सूत्र.

कांग्रेस विधायक ने कहा, "मैं पुलिस और प्रशासन को चेताना चाहता हूं कि हम यह अन्याय कतई सहन नहीं करेंगे।"

पटवारी ने अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ सांवेर पुलिस थाने पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं पर दर्ज मामले को लेकर विरोध जताया। इस मामले में नामजद 34 कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर अपनी गिरफ्तारी भी दी।

कांग्रेस का आरोप है कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के निधन पर सांवेर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को लेकर पुलिस ने यह मामला दर्ज किया। बहरहाल, पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सांवेर में वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व लोकसभा सांसद प्रेमचंद बौरासी "गुड्डू" के कार्यालय के उद्घाटन समारोह में भीड़ जुटाकर रैली निकाले जाने पर यह मामला दर्ज किया और प्राथमिकी में इसका स्पष्ट उल्लेख है।

अधिकारी ने बताया कि यह मामला भारतीय दंड विधान की धारा 188 (किसी सरकारी अफसर का आदेश नहीं मानना), धारा 269 (ऐसा लापरवाही भरा काम करना जिससे किसी जानलेवा बीमारी का संक्रमण फैलने का खतरा हो) और अन्य संबद्ध धाराओं में दर्ज किया गया।

सांवेर, सूबे के उन 27 विधानसभा क्षेत्रों में शामिल है, जहां आने वाले दिनों में उप चुनाव होने हैं। सांवेर के आगामी उप चुनाव में कांग्रेस की ओर से गुड्डू की उम्मीदवारी पक्की मानी जा रही है। हर्ष

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)