देश की खबरें | डल्लेवाल अपना आमरण अनशन समाप्त करें : केंद्रीय मंत्री बिट्टू

चंडीगढ़, पांच अप्रैल केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने शनिवार को पंजाब के किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल से अपना अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त करने और किसानों की मांगों पर चर्चा के लिए केंद्र के साथ बातचीत के लिए आगे आने की अपील की।

बिट्टू ने एक बयान में कहा, ‘‘आपका स्वास्थ्य अधिक महत्वपूर्ण है, और आपका जीवन पंजाब के लोगों के लिए कीमती है क्योंकि किसानों और कृषि मजदूरों के संघर्ष के लिए आपके नेतृत्व की हमेशा आवश्यकता होगी।’’

केंद्रीय रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री ने कहा कि हाल ही में संपन्न संसद सत्र के दौरान सभी मंत्रियों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं ने डल्लेवाल के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और उनकी कुशलता की कामना की।

उन्होंने कहा कि भाजपा नीत केंद्र सरकार ने किसानों की मांगों पर चर्चा के लिए उनके साथ कई बैठकें की हैं और वह बातचीत जारी रखना चाहती है।

बिट्टू ने डल्लेवाल से अपना आमरण अनशन समाप्त करने और केंद्र के साथ बातचीत के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि वह किसानों का दर्द समझते हैं क्योंकि उनका संबंध भी एक किसान परिवार से है।

डल्लेवाल पिछले साल 26 नवंबर से अनिश्चितकालीन अनशन कर रहे हैं और बृहस्पतिवार को उन्हें पटियाला के एक निजी अस्पताल से छुट्टी दी गई। उन्होंने दोहराया कि फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी सहित किसानों की मांगें पूरी होने तक उनका अनशन जारी रहेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)