नयी दिल्ली, 29 जनवरी आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कांग्रेस पर तीखा हमला किया और मतदाताओं से अपील की कि वे कांग्रेस को वोट देकर अपना वोट ‘‘बर्बाद’’ न करें।
यहां बादली विधानसभा क्षेत्र में एक ‘जनसभा’ को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कांग्रेस पर अप्रत्यक्ष रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मदद करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, ‘‘ कांग्रेस पर अपना वोट क्यों बर्बाद करना? कांग्रेस जीतेगी नहीं, वह सिर्फ हमारे वोट काटेगी। कांग्रेस और भाजपा मिलकर आप को हराने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। किसी को जिताने के लिए मतदान करें किसी को हराने के लिए नहीं।’’
आप नेता ने अपनी पार्टी की कल्याणकारी योजनाओं पर जोर देते हुए दावा किया कि एक सर्वेक्षण के अनुसार 70 प्रतिशत महिलाएं आप का समर्थन करती हैं।
उन्होंने महिलाओं से अपने परिवार के पुरुषों को आप को वोट देने के लिए मनाने का आग्रह किया और कहा कि पुरुष अक्सर भाजपा और कांग्रेस के बहकावे में आ जाते हैं।
आप ने अपने मौजूदा विधायक अजेश यादव को बादली से कांग्रेस की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष देवेंद्र यादव के खिलाफ चुनाव मैदान में उतारा है। अजेश यादव पिछले दो चुनावों (2015 और 2020) में इस सीट से जीते हैं, जबकि देवेंद्र यादव ने इससे पहले 2008 और 2013 में इस सीट पर कब्जा किया था। भाजपा ने इस सीट पर दीपक चौधरी को अपना उम्मीदवार बनाया है।
यमुना में अमोनिया के बढ़ते स्तर को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने एक बार फिर हरियाणा सरकार पर दिल्ली को की जा रही जल आपूर्ति में ‘जहर’ मिलाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, ‘‘ भाजपा ने सारी हदें पार कर दी हैं। भाजपा की अगुवाई वाली हरियाणा सरकार ने पानी में अमोनिया नाम का जहर मिला दिया है। लेकिन हमने जहरीले पानी का मार्ग बदलकर दिल्ली के लोगों को बचाया। हम सब एक हैं - हरियाणा के लोग भी हम हैं और दिल्ली के लोग भी हम हैं।’’
केजरीवाल का कांग्रेस पर ताजा हमला विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक दलों के भीतर बढ़ती दरार के बीच आया है।
इससे पहले केजरीवाल ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY