देश की खबरें | कोविड-19 से उबरने के बावजूद कई मरीजों पर इसके दुष्प्रभाव बरकरार
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

इंदौर, तीन नवंबर मध्यप्रदेश में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित इंदौर जिले में इलाज के बाद संक्रमणमुक्त होने पर भी कई मरीज सांस लेने में तकलीफ, दिल की धड़कन बढ़ने और शारीरिक कमजोरी सरीखी शिकायतें कर रहे हैं।

इसके मद्देनजर शहर के शासकीय महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय ने रोगियों पर इस महामारी के दीर्घकालिक दुष्प्रभावों की थाह लेने के लिए विस्तृत अध्ययन करने का फैसला किया है।

यह भी पढ़े | उत्तर प्रदेश के मथुरा में मस्जिद में ‘Hanuman Chalisa’ पढ़ने का आरोप, चार युवक गिरफ्तार.

महाविद्यालय के डीन संजय दीक्षित ने मंगलवार को बताया, ‘‘पिछले साढ़े सात महीनों के दौरान जिले में कोविड-19 के हजारों मरीज इलाज के बाद संक्रमणमुक्त हो चुके हैं। लेकिन इसके बाद भी कई मरीज सांस लेने में तकलीफ, दिल की धड़कन बढ़ने और शारीरिक कमजोरी जैसी शिकायतों के साथ डॉक्टरों के पास जा रहे हैं।’’

उन्होंने बताया कि महाविद्यालय द्वारा चिकित्सा की अलग-अलग विधाओं में माहिर डॉक्टरों की मदद से इन रोगियों को लेकर विस्तृत अध्ययन किया जाएगा।

यह भी पढ़े | IPL 2020: फैंटेसी एप प्रमोट करने के लिए विराट कोहली और सौरव गांगुली को मद्रास हाईकोर्ट का नोटिस: 3 नवंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

दीक्षित ने बताया, ‘‘हमारा यह अध्ययन कोविड-19 की वजह से रोगियों के अलग-अलग अंगों पर लम्बे समय तक नजर आने वाले दुष्प्रभावों और इनके संभावित निदानों पर आधारित होगा।’’

उन्होंने बताया, ‘‘हम यह पता करने के लिए इन लोगों की जांच भी कराएंगे कि कोविड-19 से उबरने के बाद किसी रोगी के शरीर में बनीं एंटीबॉडीज कितने दिनों तक प्रभावी रहती हैं?’’

दीक्षित ने बताया कि कोविड-19 से उबरने के बाद भी अपने स्वास्थ्य को लेकर शिकायतें करने वाले लोगों के इलाज के लिए महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय में बुधवार से अलग बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) भी शुरू किया जा रहा है। यह अस्पताल शासकीय महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध है।

आधिकारिक जानकारी के मुताबिक जिले में 24 मार्च से लेकर अब तक महामारी के कुल 34,256 मरीज मिले हैं। इनमें से 682 मरीजों की मौत हो चुकी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)