जयपुर, 25 मार्च कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द करने को लेकर देशभर में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन के तहत शनिवार को जयपुर, कोटा और अजमेर में भी कांग्रेसियों ने विरोध प्रदर्शन किया।
अजमेर में कांग्रेस नेता विजय जैन के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विरोध में नारेबाजी की और उनका पुतला फूंका।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी की संसद सदस्यता समाप्त करने को लेकर गांधी भवन चौराहे पर प्रधानमंत्री मोदी का पुतला फूंक कर विरोध प्रदर्शन किया।
जैन ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘राहुल गांधी सच की लड़ाई लड़ रहे हैं। राहुल गांधी बेरोजगारों के हित में बात करते हैं। राहुल गांधी के सवालों का जवाब देने की बजाय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनता का ध्यान भटकाने के लिए यह कृत्य किया। इसकी कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने हाथ में तिरंगा झंडा लेकर जमकर नारेबाजी भी की।’’
वहीं, कोटा में कांग्रेस के स्थानीय नेता अमित धारीवाल के नेतृत्व में करीब 300 कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सीएडी सर्किल पर विरोध प्रदर्शन किया और स्वेच्छा से गिरफ्तारी दी। कुछ कार्यकर्ता पुलिस बस की छत पर चढ गये।
अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (कोटा शहर) ब्रजमोहन बैरवा ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और सीआरपीसी की धारा-129 के तहत लगभग 300 प्रदर्शनकारियों को यहां से बसों में बैठाकर दूर ले जाकर छोड़ा गया है।
कांग्रेस के कोटा जिला अध्यक्ष रविन्द्र त्यागी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सभी संवैधानिक संस्थाओं को नियंत्रण में ले रखा है और ऐसा प्रतीत होता है कि देश में अघोषित आपातकाल चल रहा है।
वहीं जयपुर में 200 फुटा बाइपास पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अजमेर राजमार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY