देश की खबरें | दिल्ली: पीएचडी पाठ्यक्रम में दाखिले का झांसा देकर ठगने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

नयी दिल्ली, एक फरवरी दिल्ली पुलिस ने पीएचडी (डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी) पाठ्यक्रम में ऑनलाइन दाखिले का झांसा देकर छात्रों को ठगने वाले गिरोह का भंड़ाफोड़ कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, विदेश में शिक्षा प्राप्त कंप्यूटर इंजीनियर जावेद खान ने इस फर्जीवाड़े की साजिश रची थी। उसने अपने सहयोगी शाहरुख अली के साथ मिलकर पीएचडी के लिए दाखिला दिलाने का झूठा वादा करके कम से कम 15 छात्रों के साथ ठगी की थी।

यह मामला तब सामने आया जब प्रबंधन में पीएचडी की पढ़ाई के इच्छुक एक शिकायतकर्ता ने एक वेबसाइट पर दिए गए नंबर पर संपर्क किया।

मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त एम. हर्षवर्धन ने बताया कि पीड़िता ने जावेद से संपर्क किया और जावेद ने उसे दाखिला शुल्क के तौर 1.80 लाख रुपये जमा कराने के लिए राजी किया। जब जावेद ने बिना कोई औपचारिक रसीद दिए और पैसे मांगे तो पीड़िता को उस पर शक हुआ।

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद शिकायतकर्ता ने मध्य जिले के साइबर पुलिस थाने से संपर्क किया, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गई।

उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम ने बैंक खाते से लेन-देन, कॉल रिकॉर्ड और वेबसाइट पर पंजीकरण की जानकारी का विश्लेषण करते हुए विस्तृत जांच की। टीम ने पाया कि ठगी की गई रकम जावेद और शाहरुख के नाम से खोले गए बैंक खाते में भेजी गई थी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने पकड़े जाने से बचने के लिए अपने मोबाइल फोन फेंक दिए थे, लेकिन तकनीकी निगरानी से पुलिस को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर और नोएडा में उनके ठिकानों का पता चला। जावेद खान को नोएडा के एक नशा मुक्ति केंद्र से पकड़ लिया गया।

पुलिस द्वारा जारी बयान में कहा गया कि विदेश से कंप्यूटर विज्ञान में स्नातक करने वाले जावेद (30) पहले पीएचडी प्रवेश में छात्रों की सहायता करने वाली एक कंपनी में काम करता था।

इसमें कहा गया कि उसके साथी शाहरुख (29) ने फर्जी दाखिले की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाई और वित्तीय लाभ साझा किया।

छापेमारी के दौरान पुलिस को उसके घर से आपत्तिजनक चैट और विश्वविद्यालय के फर्जी भुगतान की रसीदें मिली।

अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)