बेंगलुरू, 27 अक्टूबर कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डा के सुधाकर ने मंगलवार को विश्वास जताया कि कोविड—19 का टीका 2021 की शुरुआत में आ जायेगा। उन्होंने यह भी कहा कि इसके आते ही सरकार इसकी आपूर्ति राज्य के हर स्थान तक करना सुनिश्चित करेगी।
एस्ट्राजेनेका के प्रबंध निदेशक गगन सिंह बेदी के साथ बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुये मंत्री ने कहा कि टीके के परीक्षण के पहले चरण के नतीजे उत्साहजनक रहे हैं ।
यह भी पढ़े | LIST OF 18 TERRORISTS: गृह मंत्रालय ने जारी की UAPA एक्ट के तहत 18 आतंकियों की लिस्ट, यहां पढ़ें सभी नाम.
उन्होंने कहा, ''आक्सफोर्ड :एस्ट्राजेनेका द्वारा विकसित इस टीके के पहले चरण का परीक्षण पूरा हो चुका है और इसके नतीजे उत्साहजनक रहे हैं । दूसरे एवं तीसरे चरण का परीक्षण किया जा रहा है ।''
मंत्री ने कहा कि बेदी ने उनसे कहा है कि कंपनी के पास एक अरब खुराक उपलब्ध कराने की क्षमता है ।
गौरतलब है कि यह कंपनी इस टीके को 2021 के शुरुआती महीनों में पेश करने योजना बना रहा है ।
सुधाकर ने कहा कि एक बार इसके बाजार में आने के बाद कर्नाटक सरकार यह सुनिश्चित करेगी इसे राज्य के हर स्थान पर उपलब्ध कराया जाये ।
मंत्री ने कहा कि सबसे पहले यह दवा कोविड के खिलाफ संघर्ष करने वालों जैसे चिकित्सकों, नर्सों एवं पारामेडिकल कर्मियों को उपलब्ध करायी जायेगी । इसके बाद इसे पुरानी बीमारी से ग्रसित बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं तथा स्तनपान कराने वाली माताओं एवं बच्चों को दिया जायेगा ।
एक सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि पहले चरण के परीक्षण के नतीजे उत्साहजनक थे । परीक्षण के दौरान जिन 56 लोगों को यह टीका दिया गया था उनमें एंटीजन विकसित हुआ था जो उनमें अब भी बरकरार है ।
मंत्री ने कहा, ''हमें यह देखने के लिये छह महीने का इंतजार करना होगा कि एंटीजन बरकरार है या नहीं ।''
टीके की कीमत के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इस मामले में उनकी मंशा किसी विवाद में पड़ने की नहीं है और इस बारे में मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा अपने विवेक से निर्णय करेंगे ।
हालांकि, उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोरोना वायरस की जांच और इसका इलाज मुफ्त में हुआ है ।
सुधाकर ने कहा, ''हमारी सरकार लोगों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक है । हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यह सभी तक पहुंचे ।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY