स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि उनके 'स्वाब' के नमूने एकत्र कर जांच के लिए पुणे स्थित राष्ट्रीय विषाणुविज्ञान संस्थान में भेजे गए हैं। जांच में यह पता लगाया जायेगा कि महिला और उसका बेटा ब्रिटेन में सामने आये कोरोना वायरस के नये प्रकार के संपर्क में तो नहीं आए ।
ब्रिटेन में कोविड-19 के तेजी से फैलने वाले नये प्रकार के वायरस का पता लगने के बाद से देश हाई अलर्ट पर है। ऐहतियात के लिए कई उपाय बरते जा रहे हैं इनमें ब्रिटेन से हाल में लौटे यात्रियों की तेजी से जांच भी शामिल है।
नयी दिल्ली स्थित पृथक-वास केंद्र से कथित रूप से भाग कर अपने गृह नगर आंध्र प्रदेश के राजामहेंद्रवरम पहुंची महिला को रेलवे पुलिस एवं स्वास्थ्य अधिकारियों ने पकड़ लिया और बुधवार की आधीरात के बाद उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया ।
अधिकारियों के अनुसार महिला ने उन्हें बताया कि अफसरों ने उसके लिए गृह पृथक-वास की अनशंसा की थी और इसी के चलते वह नयी दिल्ली से खुद यहां (राजामहेंद्रवरम) आ चली आई, क्योंकि वायरस संक्रमण के कोई लक्षण भी नहीं थे।
महिला का बेटा उसे लेने के लिये दिल्ली गया था। बेटे को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और दोनों को पृथक कमरों में रखा गया है।
महिला ब्रिटेन में शिक्षिका के तौर पर काम करती है वह 21 दिसंबर को भारत आयी थी और उसकी उड़ान नयी दिल्ली में उतरी ।
जांच के दौरान महिला कोरोना वायरस से संक्रमित पायी गयी और इसके बाद उसे वहां पृथक-वास केंद्र में रखा गया था । हालांकि, वह कथित रूप से अपने बेटे के साथ वहां से फरार हो गयी और आंध्र प्रदेश एक्सप्रेस से वह राजामहेंद्रवरम पहुंची ।
दिल्ली पुलिस के अलर्ट के बाद रेलवे पुलिस को पता चला कि महिला आंध्र प्रदेश एक्सप्रेस के प्रथम श्रेणी कोच में यात्रा कर रही है, इसके बाद यह जानकारी राजामहेंद्रवरम के अधिकारियों को दी गयी ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY