नयी दिल्ली, चार अगस्त केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भ्रष्टाचार और कदाचार के एक कथित मामले में शुक्रवार को जालंधर के पूर्व पुलिस आयुक्त कुलदीप सिंह चहल से पूछताछ की।
उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के तौर पर कार्यकाल के दौरान कथित भ्रष्टाचार और कदाचार को लेकर चहल के खिलाफ जांच जारी है।
अधिकारियों ने कहा कि सीबीआई ने पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित की सिफारिश पर अधिकारी के खिलाफ प्रारंभिक जांच शुरू की थी।
उन्होंने बताया कि चहल को चंडीगढ़ स्थित एजेंसी कार्यालय में बुलाया गया और शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर दो बजे तक उनसे पूछताछ की गई।
भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 2009 बैच के अधिकारी चंडीगढ़ में प्रतिनियुक्ति पर थे और पिछले साल दिसंबर में उन्हें उनके मूल कैडर पंजाब में वापस भेज दिया गया था, जबकि केंद्र शासित प्रदेश में उनका तीन साल का कार्यकाल पूरा होने में 10 महीने का समय बाकी था।
राज्यपाल को लिखे पत्र में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चहल को समय से पहले मूल कैडर में भेजे जाने और हरियाणा कैडर के आईपीएस अधिकारी को कार्यभार सौंपने पर आश्चर्य व्यक्त किया था।
पुरोहित ने कहा था कि मान ने चहल को मूल कैडर में भेजे जाने के संबंध में उन्हें लिखने से पहले ‘‘तथ्यों का पता नहीं लगाया’’।
राज्यपाल ने कहा था कि अधिकारी के खिलाफ कदाचार की शिकायतें मिलने के बाद उन्हें उनके मूल कैडर में वापस भेज दिया गया। उन्होंने 28 नवंबर को चहल को हटाने के अपने फैसले से पंजाब के मुख्य सचिव को भी अवगत कराया था।
मान ने चहल को समय से पहले मूल कैडर में वापस भेजे जाने और चंडीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) का कार्यभार हरियाणा कैडर के एक आईपीएस अधिकारी को दिए जाने पर सवाल उठाया था, जिसके एक दिन बाद पुरोहित ने मान को पत्र लिखा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY