देश की खबरें | भाजपा नेतृत्व क्या यह घोषणा कर सकता है कि नेताओं के परिजनों टिकट नहीं देंगें : डोटासरा

जयपुर, 30 जून कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने शुक्रवार को कांग्रेस पर वंशवाद की राजनीति का आरोप लगाने वाले भाजपा नेताओं पर पलटवार करते हुए कहा कि क्या भाजपा वाले यह घोषणा कर सकते हैं वो नेताओं के परिवार के सदस्यों को चुनाव में टिकट नहीं देंगें।

डोटासरा ने कहा ‘‘क्या आप (भाजपा नेता) कह सकते हैं कि भाजपा किसी भी राज्य में किसी भी नेता के बेटे, रिश्तेदार को, पत्नी को कोई टिकट कभी नहीं देगी.. क्या यह घोषणा आप कर सकते हैं। अगर कर सकते हैं तो पहले यह घोषणा करके अमल कीजिए और उसके बाद इस तरीके के सवाल उठा सकते है उससे पहले आप नहीं उठा सकते।’’

डोटासरा ने उन भाजपा नेताओं के बेटे-बेटियों के नाम बताए जो राजनीति में हैं और पार्टी से पूछा कि क्या चुनाव में इन नेताओं को टिकट नहीं दिया जायेगा।

उन्होंने कहा कि मणिपुर जल रहा है, वहां लोग परेशानी में हैं लेकिन प्रधानमंत्री विदेश दौरे कर रहे हैं और भाजपा नेता धार्मिक उन्माद फैलाने के लिए राजस्थान आ रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कल भरतपुर में विपक्षी दलों पर वंशवाद की राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी आज उदयपुर रैली में आरोप लगाया कि विपक्षी दलों के नेता जनता का भला नहीं करना चाहते हैं और केवल अपने बेटों को प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं।

उन्होंने सवाल किया “वे (भाजपा नेता) कहते हैं कि कांग्रेस एक परिवार की पार्टी है। अगर आप ऐसा कहते हैं तो बीएस येदियुरप्पा का बेटा क्या विधायक नहीं है? क्या राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह विधायक नहीं हैं? क्या वसुंधरा राजे के बेटे दुष्यंत सिंह सांसद नहीं हैं? क्या प्रमोद महाजन की बेटी पूनम महाजन राजनीति में नहीं हैं? वेद प्रकाश गोयल के बेटे पीयूष गोयल नहीं हैं? क्या भाजपा ने किरण माहेश्वरी की बेटी को टिकट नहीं दिया?”

डोटासरा ने सवाल किया कि क्या भाजपा यह घोषणा कर सकती है कि वह किसी भी नेता के बेटे, बेटी या पत्नी को टिकट नहीं देगी।

उन्होंने यहां पार्टी कार्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, “क्या आप इसकी घोषणा कर सकते हैं। यदि आप इसे पहले कर सकते हैं और इसे लागू कर सकते हैं, तो ही सवाल उठाएं। ”

उन्होंने कहा कि राजस्थान में भाजपा विभाजन का सामना कर रही है और नेता एक-दूसरे को नीचा दिखाने में लगे हुए हैं।

उन्होंने कहा, ''अमित शाह को पहले अपना घर दुरुस्त करना चाहिए।''

कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि भाजपा नेताओं को लोगों को बताना चाहिए कि उन वादों का क्या हुआ जो तब किये गये थे जब पार्टी ने 2014 में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश किया था।

उन्होंने पूछा कि वे दो करोड़ नौकरियां कहां हैं जो भाजपा ने हर साल देने का वादा किया था। डोटासरा ने कहा, ''राजस्थान में कांग्रेस सरकार ने बेहतरीन काम किया है और लोग योजनाओं, कार्यक्रमों तथा सुशासन से खुश हैं।''

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने भ्रष्टाचार पर प्रभावी कार्रवाई की है और आरोपियों को पकड़ा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)