विदेश की खबरें | ब्रिटिश सिख सासंद ने ऑपरेशन ब्लू स्टार की जांच की मांग की

लंदन, पांच जून ब्रिटेन में विपक्षी दल लेबर पार्टी के सांसद तनमनजीत सिंह ढेसी ने भारत में जून 1984 में हुए ऑपरेशन ब्लू स्टार में मार्गरेट थैचर के नेतृत्व वाली तत्कालीन ब्रिटिश सरकार की भूमिका की स्वतंत्र जांच की मांग की है।

अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में भारतीय सेना के अभियान ऑपरेशन ब्लू स्टार के 36 वर्ष पूरा होने के मौके पर ब्रिटेन के पहले पगड़ीधारी सिख सांसद ढेसी ने बृहस्पतिवार को हाउस ऑफ कॉमन्स में यह मुद्दा उठाया। उन्होंने इस पर चर्चा की भी मांग की।

यह भी पढ़े | अमेरिकी सांसदों और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने की महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ तोड़फोड़ की निंदा.

ढेसी ने कहा, ‘‘इस हफ्ते उस घटना को 36 वर्ष पूरे हो गए जब तत्कालीन भारतीय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सिखों के सबसे पवित्र स्थल अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में हमले का आदेश दिया था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हाल में हुए खुलासों, ब्रिटेन के सिख समुदाय की मांग और लेबर पार्टी तथा अन्य विपक्षी दलों के इसके समर्थन के बावजूद हमले में थैचर सरकार की भूमिका का पता लगाने के लिए स्वतंत्र जांच नहीं करवाई गई।’’

यह भी पढ़े | भारत के साथ तनाव बढ़ने से रोकने के लिए संयम के साथ दी प्रतिक्रिया: पाकिस्तान.

इस मामले में जांच की मांग कुछ वर्ष पहले तब उठी थी जब यह खुलासा हुआ था कि ऑपरेशन ब्लू स्टार से पहले ब्रिटेन की सेना ने भारतीय बलों को सलाह दी थी।

तब ब्रिटेन के तत्कालीन प्रधानमंत्री डेविड कैमरून ने इस बारे में आंतरिक जांच के आदेश दिए थे। इसके बाद संसद में बयान दिया गया था कि ब्रिटेन की भूमिका पूरी तरह से परामर्शदाता की थी और विशेष वायु सेवा की सलाह का उस अभियान पर ‘सीमित असर’ पड़ा था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)