भारत के साथ तनाव बढ़ने से रोकने के लिए संयम के साथ दी प्रतिक्रिया: पाकिस्तान
पाकिस्तान ने कहा कि उसने नयी दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग के दो अधिकारियों को जासूसी के आरोप में भारत से निष्कासित किए जाने के मद्देनजर पड़ोसी देश के साथ तनाव बढ़ने से रोकने के लिए संयम बरतते हुए प्रतिक्रिया दी. फारुकी ने दोहराया कि पाकिस्तानी अधिकारियों पर लगाए गए आरोप झूठे एवं बेबुनियाद हैं.
इस्लामाबाद, 5 जून: पाकिस्तान (Pakistan) ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने नयी दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग के दो अधिकारियों को जासूसी के आरोप में भारत (India) से निष्कासित किए जाने के मद्देनजर पड़ोसी देश के साथ तनाव बढ़ने से रोकने के लिए संयम बरतते हुए प्रतिक्रिया दी. उल्लेखनीय है कि भारत ने यहां पाकिस्तानी उच्चायोग के दो अधिकारियों को जासूसी के आरोप में रविवार को देश में निषिद्ध करते हुए उन्हें 24 घंटे के अंदर देश छोड़कर जाने का आदेश दिया था.
नई दिल्ली में आधिकारिक सूत्रों ने बताया था आबिद हुसैन (Abid Hussain) और मोहम्मद ताहिर नाम के अधिकारियों को दिल्ली पुलिस ने उस वक्त गिरफ्तार किया, जब वे रुपयों के बदले एक भारतीय नागरिक से भारतीय सुरक्षा प्रतिष्ठानों से संबंधित संवेदनशील दस्तावेज हासिल कर रहे थे. पाकिस्तान विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता आइशा फारुकी ने कहा, "पाकिस्तान की तनाव बढ़ाने की कोई मंशा नहीं है. हमने संयम बरतते हुए प्रतिक्रिया दी है. हालांकि राजनयिक नियमों का उल्लंघन और भारत का लगातार लड़ाकू रवैया क्षेत्रीय शांति एवं सुरक्षा के लिए खतरा है."
यह भी पढ़ें: जासूसी मामला: दिल्ली पुलिस ने कहा- पकड़े गए पाकिस्तानी अधिकारियों को नहीं किया गया प्रताड़ित
फारुकी ने दोहराया कि पाकिस्तानी अधिकारियों पर लगाए गए आरोप झूठे एवं बेबुनियाद हैं. उन्होंने भारत पर नियंत्रण रेखा पर बिना उकसावे के गोलीबारी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पाकिस्तान, "किसी भी आक्रामक कार्रवाई के खिलाफ अपना बचाव करने के लिए तत्पर है." उन्होंने चीन एवं भारत के बीच तनाव संबंधी प्रश्न के उत्तर में कहा कि पाकिस्तान चीन एवं भारत की सीमा के पास हालात पर नजर रखे हुए है और उसे उम्मीद है कि यह मामला आपसी सहमति से सुलझा लिया जाएगा.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 05, 2020 01:08 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

