इंदौर (मध्यप्रदेश), 12 जून केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के जन्मदिन पर यहां शुक्रवार को भाजपा नेताओं के आयोजित राशन वितरण कार्यक्रम में इस भोजन सामग्री के लिये अचानक लूट मच गयी। कोविड-19 के खतरे को भूलकर वहां जमा लोग राशन के लिये बुरी तरह छीना-झपटी करते दिखे ।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
यह भी पढ़े | कोरोना संकट: सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बहाने बीजेपी आक्रामक, संबित पात्रा ने केजरीवाल सरकार पर साधा निशाना.
चश्मदीदों ने बताया कि तोमर के 63वें जन्मदिन के मौके पर शहर के पूर्व विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता सुदर्शन गुप्ता की अगुवाई में पार्टी नेताओं ने बाणगंगा क्षेत्र के एक खुले मैदान में 2,000 जरूरतमंद परिवारों को राशन बांटने का कार्यक्रम आयोजित किया था। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद थीं।
चश्मदीदों के मुताबिक कार्यक्रम में कुछ देर तक तो व्यवस्थित तरीके से राशन बंटता रहा। लेकिन बाद में लोगों के सब्र का बांध टूट गया और उन्होंने राशन के लिये बुरी तरह छीना-झपटी शुरू कर दी। इस स्थिति पर बड़ी मुश्किल से काबू पाया गया।
इस बीच, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता ने दावा किया कि कार्यक्रम में उनके मौजूद रहने तक टोकन पद्धति से राशन बांटा गया। लेकिन उनके जाने के बाद कुछ लोगों ने राशन वितरण कार्यक्रम में अव्यवस्था उत्पन्न की।
उधर, सूबे के प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने इस अव्यवस्था के लिये भाजपा नेताओं को जिम्मेदार ठहराया है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता नीलाभ शुक्ला ने कहा, "भाजपा नेताओं ने शहर में कोविड-19 के प्रकोप के बावजूद राशन वितरण कार्यक्रम में अनियंत्रित तरीके से भीड़ जुटायी और सस्ती वाहवाही लूटने के लिये सैकड़ों लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ किया।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY