देश की खबरें | भाजपा नेता गिरफ्तार, पार्टी कार्यकर्ताओं ने लॉकडाउन के बावजूद थाने के बाहर किया धरना प्रदर्शन
जियो

नोएडा (उप्र), चार जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता को पुलिसकर्मियों के खिलाफ विवादास्पद टिप्पणी करने के आरोप में बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया, जिसके विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं ने लॉकडाउन लागू होने के बावजूद पुलिस थाने के बाहर धरना प्रदर्शन किया।

अपर पुलिस उपायुक्त रणविजय सिंह ने बताया कि नोएडा के सेक्टर 22 में रहने वाले भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष नरेश शर्मा ने 19 मई को एक ट्वीट के जरिए कुछ पुलिसकर्मियों पर एक होटल में जाकर गलत कार्य करने का आरोप लगाया था।

यह भी पढ़े | सोना 274 रुपये टूटा, चांदी 542 रुपये कमजोर.

उन्होंने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लिया और इसकी जांच की गई, लेकिन जांच के दौरान नरेश शर्मा आरोप के संबंध में पर्याप्त सबूत देने में असमर्थ रहे।

उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों ने जांच के दौरान होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी खंगाला, लेकिन कोई सबूत नहीं मिला।

यह भी पढ़े | सुप्रीम कोर्ट में स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा- इलाज के दौरान COVID-19 से खुद को बचाने के लिए 'अंतिम जिम्मेदारी' डॉक्टरों और नर्सों की.

सिंह ने बताया कि नरेश ने अपने ट्वीट में जिस होटल का नाम लिया था, वह होटल उनके छोटे भाई का है।

उन्होंने बताया कि नरेश शर्मा के भाई विकास ने भी अपना बयान दर्ज कराया है, जिसमें उसने पुलिसकर्मियों पर लगे आरोप को निराधार बताया है।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान यह बात संज्ञान में आई कि दोनों भाइयों में मनमुटाव चल रहा है।

सिंह ने बताया कि इस मामले में सेक्टर 12/22 थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने मामला दर्ज कराया है और इसी मामले में नरेश शर्मा को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि नरेश शर्मा के खिलाफ उनके किराएदार राकेश पटवा ने भी 29 मई को मारपीट करने का आरोप लगाया है और इस संबंध में थाना सेक्टर 24 में मामला दर्ज किया गया है।

सिंह ने बताया कि राकेश की शिकायत के अनुसार नरेश ने उसके साथ मौजूद एक महिला से भी कथित रूप से ‘‘अभद्रता’’ की।

उन्होंने बताया कि पुलिस दोनों मामले की जांच कर रही थी।

इस बीच, नरेश की गिरफ्तारी की सूचना पाकर भाजपा के महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता के नेतृत्व में कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने लॉकडाउन और जिले में भारतीय दंड संहिता की धारा 144 लागू होने के बावजूद थाना सेक्टर 24 के बाहर धरना प्रदर्शन किया और नारेबाजी की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)